डीजीसी साधना शर्मा की हत्या के आरोपी बहनोई ने किया सरेंडर
पुलिस कर चुकी थी इनाम घोषित
अमर उजाला ब्यूरो
बदायूं। करीब ढाई साल पहले हुई प्रभारी डीजीसी साधना शर्मा हत्याकांड के आरोपी मृतका के सगे बहनोई श्रवण कुमार ने सोमवार को सीजेएम अमरजीत के कोर्ट में सरेंडर कर दिया।
23 मई 2016 को उझानी निवासी प्रभारी डीजीसी साधना शर्मा की स्कूटी में टक्कर मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतका की बहन विपर्णा ने इस मामले में पूर्व विधायक योगेंद्र सागर, कमल मिश्रा, श्रवण कुमार, महेंद्र नाथ, गुड्डु उर्फ सुधांशु, भूरा को नामजद कराया था। पुलिस की विवेचना में पीसी शर्मा समेत आठ लोगों के नाम प्रकाश में आने पर पूर्व विधायक समेत उपरोक्त सभी को पुलिस ने क्लीन चिट देते हुए मुख्य आरोपी पीसी शर्मा समेत सभी को जेल भेज दिया। बाद में वादिनी के बयानों के आधार पर मृतका के सगे बहनोई श्रवण कुमार को आरोपी बना दिया। तभी से श्रवण कुमार गैरहाजिर चल रहा था। पुलिस उसकी तलाश में थी। कई बार संभावित स्थानों पर दबिश भी दी गई। पुलिस ने फरार दर्शाते हुए इनाम घोषित कर दिया था।
सोमवार को अचानक आरोपी श्रवण कुमार ने सीजेएम अमरजीत की अदालत में सरेंडर कर दिया। बाद में कोर्ट ने उसे जेल भेज दिया।