बदायूं। श्रीराम लीला महोत्सव कमेटी की ओर से बुधवार को शिव विवाह शोभायात्रा निकाली गई। बारात के स्वागत को श्रद्धालुओं का सैलाब सड़कों पर उमड़ पड़ा। बारात गाजेबाजे के साथ निकली गई। भजनों की धुन पर बारात में शामिल श्रद्धालु झूम रहे थे। बारात को देखने के लिए शहर की सभी मुख्य सड़कों लोगों की भीड़ लगी रही। शिवजी के साथ ही अन्य देवी देवता, भूत-पिशाच और यमराज आकर्षण का केंद्र बने। शिव बारात में सुरक्षा की दृष्टि से शहर कोतवाल आरके शर्मा, इंस्पेक्टर मेला कोतवाली इंचार्ज, सिविल लाइंस और महिला पुलिस तैनात रही। वहीं इस दौरान व्यवस्था अध्यक्ष अजीत कुमार गुप्ता, मंत्री अरविंद कांत, रवि वैश्य, रवि नंदन, अमर वैश्य, मयूर वैश्य, मुनीश अग्रवाल, रवि यादव, राजी वैश्य, राजीव सक्सेना आदि मौजूद रहे।
बारात में ब्रह्मा, विष्णु सहित कई देवी देवता अपने-अपने वाहनों पर सवार होकर शिव बारात में शामिल हुए। नारायण-नारायण की धुन पर वीणा बजाते नारद भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए थे।
इंसेट--
जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत
शिवजी की बारात जैसे-जैसे आगे बढ़ती गई, घर की छतों, सड़क के दोनों किनारे खड़े हजारों श्रद्धालुओं ने बारातियों का स्वागत किया। कई जगहों पर बारातियों के लिए खान पान की भी व्यवस्था की गयी थी। शहर के काली सड़क, मढ़ई चौक, शास्त्री चौक, बड़ा बाजार, गोपी चौक, लावेला पर शोभा यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। शिवजी की महिला श्रद्धालुओं ने आरती कर उनकी पूजा अर्चना की। इस दौरान पूरा शहर सड़कों पर उमड़ आया था और वातावरण पूरी तरह शिवमय हो गया था।