अमर उजाला ब्यूरो
बदायूं। सुरभि गुप्ता की मौत के बाद से मोहल्ला ब्राह्मपुर और रिश्तेदारों के घर शुक्रवार को मातम पसरा रहा। लोग गम में डूबे हैं। हर किसी की आंखें नम हैं। सुरभि के घर वाले सोनीपत पहुंच गए हैं। यहां पर ताला लगा हुआ है।
गुरुवार को मुंबई के घाटकोपर में एक चार्टर्ड प्लेन के क्रैश होने से ब्राहमपुर निवासी वरिष्ठ अधिवक्ता सूर्यप्रकाश गुप्ता की इकलौती बेटी सुरभि गुप्ता की मौत हो गई थी। वह एक अमेरिकन कंपनी में एयरबेस मैनेजर के पद पर कार्यरत थी। बेटी की मौत की खबर सुनकर अधिवक्ता श्री गुप्ता पत्नी नर्गिस गुप्ता के साथ सोनीपत रवाना हो गए थे।
सुरभि का शव लेने के लिए भाई सुमित जो कि मर्चेट नेवी में अफसर है, गुरुवार देर शाम को ही मुंबई पहुंच गए, हादसे के वक्त पति ब्रजेश कुमार चेन्नई में थे। वह भी देर शाम को मुंबई पहुंच गए।
---
बार-बार बेटी को याद कर रहीं हैं नर्गिस
बदायूं। अचानक यह क्या हो गया? किसी के समझ नहीं आ रहा। बेटी सुरभि की मौत ने माता-पिता को ऐसा गम दिया है कि वे चाहते हुए भी जिदंगी भर उससे उभर नहीं पाएंगे। माता-पिता सोनीपत में बेटी के शव का इंतजार कर रहे हैं। मां कई बार होशोहवास खो बैठती हैं। जब भी होश में आतीं हैं तो सिर्फ एक ही नाम जुबान पर आता है बेटी सुरभि...तुम क्यों हमें छोड़कर चलीं गईं।
--
माता-पिता की हालत को देख कोई रोक नहीं पा रहा अपने आंसू
बदायूं। सुरभि के अंतिम संस्कार में शामिल होने को पिता सूर्यप्रकाश गुप्ता और मां नर्गिस गुप्ता के अलावा यहां के कई लोग सोनीपत पहुंच गए हैं। बेटी की मौत से पूरी तरह टूट चुके माता-पिता की स्थिति को देखकर वहां मौजूद लोग उन्हें समझाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन खुद के भी आंसू नहीं रोक पा रहे हैं।
---
आज सुबह सोनीपत पहुंच जाएगा शव
बदायूं। विमान हादसे में हुई सुरभि की मौत के बाद महाराष्ट्र सरकार ने भी मरने वाले लोगों के शवों के पोस्टमार्टम की औपचारिकताएं जल्द करने के आदेश कर दिए थे। जानकारी मिली है कि मुंबई से सुरभि का शव करीब 9.30 बजे विमान से दिल्ली पहुंचेगा। जहां से बाद में सोनीपत जाएगा। बताया गया है कि सुबह लगभग छह बजे शव सोनीपत पहुंच सकता है।
-
जिसने सुना...कहा कभी नहीं भूल पाएंगे सुरभि तुम्हे
बदायूं। सुरभि गुप्ता तो अब नहीं है, लेकिन उसकी यादें जरूर रह गईं हैं। शहर के तमाम लोगों ने कहा कि सुरभि पर हमें गर्व था जिसने छोटी सी उम्र में एयरबेस मैनेजर के पद पर पहुंचकर जिले का ही नहीं बल्कि उत्तर प्रदेश का नाम रोशन किया। बोले-सुरभि हमेशा हम सभी के दिलों में जीवित रहेंगी।