तेज धूप और उमस भरी गर्मी से बेहाल हुए लोग
पारा 40.2 से बढ़कर 42 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा, न्यूनतम तापमान में भी हुई वृद्धि
अमर उजाला ब्यूरो
बदायूं। चिलचिलाती धूप और उमस भरी गर्मी ने एक बार फिर विकराल रूप धारण कर लिया है। मंगलवार को पारा 40.2 से बढ़कर 42 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। जबकि न्यूनतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस से बढ़कर 32 डिग्री तक जा पहुंचा। भीषण गर्मी और उमस से आमजन का हाल बेहाल हो गया है। दोपहर को लोग जरूरी काम होने पर ही बाहर निकल रहे हैं। मौसम विभाग की मानें तो बुधवार को धूप और तेज रहने की संभावना है।
करीब सप्ताह भर पहले आई आंधी-बारिश के बाद गर्मी से कुछ राहत मिली थी। मगर अगले दिन से ही फिर तेज धूप और गर्मी शुरू हो गई। इस सप्ताह मंगलवार को सबसे अधिक पारा 42 डिग्री पर पहुंच गया। तेज धूप के साथ उमस ने लोगों को बेहाल कर दिया है। भीषण गर्मी के साथ गर्म हवा चलने से दुपहिया वाहन चालकों को खासी दिक्कत हुई। लोग मुंह पर कपड़ा लपेटकर या छाता लगाकर बाहर निकले। गर्मी की वजह से बच्चे भी छुट्टियों का आनंद नहीं ले पा रहे हैं।
बाजारों में ग्राहकों का टोटा
बाजारों में सबसे ज्यादा भीड़ महिलाओं की रहती है। तेज धूप और गर्मी की वजह से महिलाएं जरूरी काम होने पर ही घर से निकल रही हैं। आम लोग भी बगैर काम के बाहर जाने से बचते हैं। इस कारण मंगलवार दोपहर को बाजारों में सन्नाटे जैसी स्थिति रही। रेडीमेड कपड़ा व्यापारी अशरफ अली कहते हैं कि ईद नजदीक होने के बावजूद बाजार ठंडा पड़ा है।
राहगीरों को सबसे ज्यादा दिक्कत
इस गर्मी में सबसे ज्यादा मुसीबत रोडवेज बसों और डग्गामार वाहनों में सफर करने वालों को होती है। डग्गामार वाहनों वाले सवारियां ठूंसकर बैठाते हैं। इनमें महिलाएं और बच्चे भी होते हैं। रोडवेज बसों में भीड़ होने के साथ गाड़ियां दिनभर धूप में तपती रहती हैं। इसी तरह ट्रेनों की सामान्य बोगियों में बैठने वालों का सफर मुश्किल से तय हो पाता है।
बिजली की आवाजाही ने बढ़ाई मुश्किलें
शासन का दावा शहरों में 24 घंटे बिजली सप्लाई का है। मगर हकीकत इससे अलग है। लोकल फाल्ट और बार-बार आवाजाही की वजह से 20 घंटे ही बिजली मिल पा रही है। बिजली के ट्रिपलिंग की समस्या शाम को सबसे ज्यादा रहती है। बिजली के बार-बार आने जाने से कई घरों में उपकरण फुंकने के मामले सामने आये हैं।
बीमारी से बचने को बरतें ये सावधानी
फिजीशियन डॉ. विनोद श्रीवास्तव के मुताबिक गर्मी में वायरल फीवर और डायरिया ज्यादा होता है। इससे बचने के लिए साफ पानी पिएं और ज्यादा पिएं। तेज धूप निकलने से बचें। बाजार में खुला जूस और कटे फल न खाएं। बाजार की तली हुई चीजें खाने से बचें।