उझानी। एपीएस इंटरनेशनल स्कूल समेत कई स्कूलों में शुक्रवार को छात्राओं ने राखियां बनाकर शिक्षक और शिक्षिकाओं की वाहवाही हासिल की। अपने हाथ से तैयार राखियों को वह छात्रों समेत भाइयों की कलाइयों पर बांधेंगी।
एपीएस इंटरनेशनल स्कूल में राखी बनाओ प्रतियोगिता प्रधानाचार्य रवींद्र भट्ट की देखरेख में हुई। जूनियर और सीनियर कक्षाओं की छात्राओं ने राखियां बनाकर उन्हें निर्णायकों को दिखाया। मनमोहक राखियों की निर्णायकों ने तारीफ भी की। पूर्व राज्यमंत्री विमलकृष्ण अग्रवाल और पालिकाध्यक्ष पूनम अग्रवाल ने प्रतिभागियों की तारीफ की। प्रबंधक नीलांशु अग्रवाल ने बच्चों को पुरस्कृत किया। एसएसके पब्लिक स्कूल में रहबर, अदीबा, पारुल, अनुष्का ने राखियां बनाकर पुरस्कार पाया। डायरेक्टर अंबिका शर्मा और अनुभव शर्मा ने बच्चों का हौसला बढ़ाया। मदरशील मेमोरियल जूनियर हाईस्कूल में भी राखियों की धूम रही। आयोजक भारत थरेजा ने बताया कि छात्राओं ने जो राखियां बनाई हैं वो अपने भाइयों की कलाई पर बांधेंगी। पंडित वंशीधर मेमोरियल अकादमी जूनियर हाईस्कूल में बबली, सुरभि, राधा, प्रभा, रूबी, काजल, रौनक, कुमकुम, नंदनी, माधुरी की राखियों को वाहवाही मिली। प्रबंधक अवनीश शर्मा और प्रधानाचार्य रूपा शर्मा ने विजेताओं को पुरस्कृत किया।