बदायूं। दिल की बीमारियों का पता लगाने में अब जिला अस्पताल के डॉक्टर भी पीछे नहीं रहेंगे। हृदय रोग से संबंधित कई बीमारियों का आसानी से पता लगाया जा सकेगा और उनका इलाज भी अस्पताल में संभव होगा। इसके लिए अस्पताल प्रशासन ने ईको कार्डियोग्राफी और टीएमटी मशीनें मंगवाने का फैसला किया है। जल्द ही इन मशीनों को खरीदा जाएगा।
अब तक ईको कार्डियोग्राफी की सुविधा राजकीय मेडिकल कॉलेज में मिल रही थी। करीब दो माह पहले ही यहां ईको कार्डियोग्राफी की शुरुआत हुई थी। इससे पहले जिले के किसी भी सरकारी अस्पताल में इस टेस्ट की सुविधा नहीं थी। उसके लिए मरीजों को बरेली, दिल्ली या लखनऊ भागना पड़ता था। अब जिला अस्पताल प्रशासन ने भी ईको कार्डियोग्राफी मशीन लगाने का निर्णय किया है। इसके साथ ही टीएमटी (ट्रेड मिल टेस्ट) मशीन भी लगवाई जाएगी।
दोनों मशीनें मंगवाने के लिए अस्पताल प्रशासन ने एक बैठक की। इस दौरान हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. गीतेश गोविल भी मौजूद थे। उन्होंने दोनों मशीनों की उपयोगिता बताते हुए कहा कि मशीनें आने से जिला अस्पताल का हृदय रोग डिपार्टमेंट पूर्ण हो जाएगा। इससे हृदय रोगियों अस्पताल से बाहर भागना नहीं पड़ेगा।
-------------------
हम कोशिश कर रहे हैं कि जिला अस्पताल में मरीजों को हर सुविधा मिल सके। ईको कार्डियोग्राफी और टीएमटी मशीनें मंगवाई जाएंगी। यह मशीनें कौन सी कंपनी की सही रहेंगी, इस पर विचार विमर्श चल रहा है।
- डॉ. भारत भूषण पुष्कर, सीएमएस, जिला अस्पताल