उझानी (बदायूं)। बिल्सी रोड बाजार में अहीरटोला मोड़ के पास लोडर की चपेट में भैंस आने से लोगों ने घरों में वाटर सप्लाई करने वाले तीन युवकों पर हमला कर दिया। तीनों को पीट कर लहूलुहान कर दिया गया। घायलों ने देर शाम ही कोतवाली पहुंचकर पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज करके हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है।
पिटाई का मामला शनिवार शाम का है। कोतवाली क्षेत्र के गांव अढौली निवासी सुरेंद्र मौर्य, टिंकू शाक्य और किरनपाल नगर निवासी एक व्यक्ति के प्लांट से लोगों को वाटर सप्लाई पहुंचाते हैं। लोडर वाहन से पानी पहुंचाने के लिए तीनों युवक अहीरटोला मोड़ के पास पहुंचे, उसी दौरान सामने से आई भैंस लोडर वाहन से घायल हो गई। कहासुनी के बाद ही भैंस मालिक ने अपने परिवार के लोगों को मौके पर बुला लिया। उन्होंने तीनों युवकों को पीटकर घायल कर दिया। वह अहीरटोला मोहल्ले के ही बताए गए हैं।
सूचना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस आसपास के लोगों से हमलावरों के नाम ओर पते ही जानकारी भी हासिल की। घायल युवकों का कहना है कि भैंस को उसके मालिक ने डंडा मार दिया था। इसके बाद वह खुद ही लोडर से भिड़ गई थी। देर शाम ही पुलिस ने घायलों का मेडिकल कराया। हालांकि दूसरे दिन पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली लेकिन हमलावरों से दहशतजदा युवकों ने रविवार को वाटर सप्लाई का काम नहीं किया। मार्केट में दुकानदारों को पानी नहीं पहुंचा।
पार्किंग शुल्क को लेकर टैंपो चालक को पीटा
उझानी। कृषि उत्पादन मंडी समिति के पास पार्किंग शुल्क को लेकर सरौरा मोहल्ले के युवक और ठेकेदार समेत उसके कारिंदों के बीच कहासुनी हो गई। बाद में टैंपो चालक की पिटाई की गई। अपराह्न में मामला कोतवाली पहुंचा तो पुलिस को भी हस्तक्षेप करना पड़ा। टैंपो चालक ने रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर भी सौंप दी लेकिन ठेकेदार के कारिंदों की पैरोकारी में प्रभावशाली लोगों के आ जाने से मामला रफा-दफा हो गया। प्रभारी कोतवाल जितेंद्र सिंह ने बताया कि मारपीट हुइ्र थी लेकिन दोनों पक्ष ने कोतवाली में ही समझौता कर लिया है।