बदायूं। जिले में रविवार को आयोजित होने जा रही समीक्षा अधिकारी (आरओ), सहायक समीक्षा अधिकारी (एआरओ) भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासनिक स्तर से अपनी तैयारी पूरी कर ली गई है। इस परीक्षा के लिए शहर के 24 और उझानी के दो केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर 10,824 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
परीक्षा के दौरान केंद्रों के आसपास बीएनएनएस 163 लागू रहेगी। एडीएम प्रशासन अरुण कुमार ने बताया कि स्वास्थ्य सेवाओं को ध्यान में रखते हुए शहर में पांच प्रमुख स्थानों पर उझानी में महात्मा गांधी इंटर कॉलेज, नेहरु मेमोरियल शिव नारायण दास डिग्री कॉलेज, सिंग्लर गर्ल्स इंटर कॉलेज, हाफिज सिद्दीकी इस्लामियां इंटर कॉलेज, गिंदो देवी महिला महाविद्यालय पर एंबुलेंस तैनात की गई हैं। प्रशासन का स्पष्ट निर्देश है कि किसी भी केंद्र पर परीक्षार्थी को असुविधा नहीं होनी चाहिए। डीएम अवनीश राय और एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
-
उझानी से बरेली के लिए लगाई 15 अतिरिक्त बस
-उझानी से बरेली जाने वाले परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए 15 अतिरिक्त रोडवेज बसें चलाई जा रही हैं। परीक्षा समाप्त होने से पहले ही उझानी के कल्याण सिंह तिराहे के पास यह बसें खड़ी रहेंगी। जिससे परीक्षार्थियों को बरेली जाने के लिए इंतजार नहीं करना पड़ेगा। वह समय से आसानी से लौट सकें।
-
एडमिट कार्ड बनेगा पास, कांवड़ यात्रा में नहीं रोके जाएंगे अभ्यर्थी
-कांवड़ यात्रा के चलते कई मार्गों पर डायवर्जन लागू है, लेकिन परीक्षा देने जा रहे अभ्यर्थियों को कोई परेशानी न हो। इसके लिए प्रशासन ने एडमिट कार्ड को ही वाहन पास मानने का निर्णय लिया है। जो वाहन डायवर्जन वाले मार्ग से आ रहे हैं। यदि उसमें अभ्यर्थी सवार है और उसके पास वैध एडमिट कार्ड है, तो उनको व उनके वाहन को नहीं रोका जाएगा।
-
कैफे और फोटो स्टेट की दुकान रहेगी बंद
-परीक्षा में नकल और अनुशासनहीनता रोकने को लेकर प्रशासन ने फोटो स्टेट, साइबर कैफे जैसी दुकानें बंद रखने के निर्देश जारी किए गए हैं। साथ ही ऑटो और ई-रिक्शा चालकों को चेताया गया है कि परीक्षा दिवस पर ओवर रेटिंग या मनमानी किराया वसूली न की जाए। एडीएम प्रशासन ने इसको लेकर सीओ सिटी, एआरटीओ, सिटी मजिस्ट्रेट को निर्देश दिए हैं।
परीक्षा को लेकर प्रशासन से जारी किया नक्शा।सोत:प्रशासन