दरोगा को संदिग्ध हालात में लगी गोली, बताया हादसा
मेडिकल और एक्स-रे रिपोर्ट में गन शाट और अल्कोहल की पुष्टि, एसएसपी ने किया निलंबित
बदायूं। पुलिस लाइन में तैनात दरोगा को शुक्रवार देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लग गई। दरोगा खून से लथपथ होकर पुलिस लाइन चौराहे पर पहुंचा, जहां तैनात एक सिपाही ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। दरोगा इसे सड़क हादसा बता रहा है लेकिन मेडिकल रिपोर्ट और एक्स-रे रिपोर्ट में गन शॉट इंजरी आई है। वह शराब भी पीये हुए था। मामला झूठा पाते हुए एसएसपी अशोक कुमार ने उसे निलंबित कर दिया है।
दरोगा सुभाष चौधरी मूल रूप से मेरठ निवासी है। इस समय सुभाष की तैनाती पुलिस लाइन में चल रही है। शुक्रवार रात दरोगा को सिंचाई मंत्री धर्मपाल सिंह की सुरक्षा ड्यूटी पर लगाया गया था। पुलिस के मुताबिक सिंचाई मंत्री एटा से बरेली लौट रहे थे। दरोगा और सिपाही प्रभात चौधरी ने उन्हें एटा बॉर्डर से रिसीव किया था। उसके बाद शहर होते हुए दातागंज-बरेली बॉर्डर पहुंचाया। रात करीब 11 बजे दरोगा पुलिस लाइन में शस्त्र जमा करके अपने आवास चला गया। करीब आधा घंटा बाद वह घायल अवस्था में पुलिस लाइन चौराहे पर पहुंचा, जहां तैनात सिपाही सुमित तोमर उसे जिला अस्पताल ले गया। रात में ही दरोगा का मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसमें गोली लगने की पुष्टि हुई। उस समय वह शराब के नशे में भी था। एक्स-रे रिपोर्ट में भी गन शॉट इंजरी होना बताया गया, लेकिन दरोगा के मुुताबिक वह बाइक लेकर घर जा रहा था, तभी रास्ते में बाइक किसी से टकरा गई और उसको चोट लग गई।
इधर, एसएसपी अशोक कुमार ने मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर और झूठ बोलने के कारण दरोगा को निलंबित कर दिया है। उन्होंने कहा है कि दरोगा को गोली लगी है, इसकी जांच कराई जा रही है। उसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
----------------------
पहले भी हंगामा कर चुका है दरोगा, हुआ था निलंबित
झूठ बोलने पर दरोगा को निलंबित करने का मामला
बदायूं। दरोगा सुभाष चौधरी कुछ समय पूर्व सिविल लाइंस थाने में तैनात था। उस समय दरोगा ने मंडी समिति इलाके में शराब पीकर काफी हंगामा किया था। पुलिस ने दरोगा को बचाने का काफी प्रयास किया था परंतु नशे में चूर दरोगा नहीं माना। इसकी सूचना एसएसपी के पास पहुंची तो उन्होंने दरोगा को निलंबित कर दिया था। बहाल होने के बाद उसे पुलिस लाइन ट्रांसफर कर दिया गया था। तभी से उसकी तैनाती पुलिस लाइन में है।
-------------------
...तो क्या पिस्टल लोड करते वक्त लगी गोली
बदायूं। वैसे तो दरोगा सुभाष चौधरी इसे हादसा बता रहा है लेकिन पुलिस को उसकी कहानी गले नहीं उतर रही है। अधिकारियों का अनुमान है कि दरोगा पिस्टल लोड कर रहा होगा या फिर खाली कर रहा होगा, तभी उसको गोली लगी थी। हालांकि अभी किसी ने इसकी पुष्टि नहीं की है।
---------------------
सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात सिपाही से भी पूछताछ
बदायूं। दरोगा को गोली लगने के संबंध में शनिवार दोपहर उस सिपाही प्रभात चौधरी से भी पूछताछ की गई, जो दरोगा के साथ ड्यूटी पर तैनात था। सिपाही ने बताया कि पुलिस लाइन में सुरक्षा ड्यूटी से लौटने के बाद शस्त्र जमा किए। उसके बाद दोनों लोग अलग-अलग हो गए थे। दरोगा अपने आवास चले गए और वह अपने कमरे पर चला गया। उसे इस बारे में कुछ पता नहीं चला।
--------------------
दरोगा सुभाष चौधरी को शुक्रवार रात चोट लगी थी। उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया तो रिपोर्ट में गन शॉट इंजरी आई। फिलहाल उसे निलंबित कर दिया गया है। जांच शुरू करा दी गई है, जो भी सच्चाई सामने आएगी। उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
- अशोक कुमार, एसएसपी