नाधा/ जरीफनगर (बदायूं)। नाधा-जरीफनगर मार्ग पर गुरुवार दोपहर पुलिस की कार सवार बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। बदमाश फायरिंग करते हुए कार छोड़कर गन्ने के खेत में घुस गए, जिनकी घेराबंदी के लिए पांच थानों की पुलिस, तीन सीओ और एसपी देहात मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने तीन बदमाशों को दबोच लिया, जबकि दो फरार होने में कामयाब रहे।
गुरुवार दोपहर जरीफनगर इंस्पेक्टर पंकज लवानिया को सूचना मिली कि पांच बदमाश बगैर नंबर प्लेट की कार से नाधा की ओर से आ रहे हैं। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर मय टीम के थानपुर गांव के पास पहुंच गए। उन्होंने एक खाली स्कूल वैन रुकवाकर बीच सड़क पर लगवा दी। थानपुर गांव पहुंचते ही पांचों बदमाश गाड़ी को सड़क पर छोड़कर खेतों की ओर भाग खड़े हुए। पुलिस ने उन्हें दौड़ाना शुरू किया तो बदमाशों ने टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने किसी तरह खुद को बचाते हुए तीन बदमाशों को दबोच लिया। दो बदमाश गन्ने के खेत में छिप गए। सूचना तुरंत कंट्रोल रूम को दी गई, जिस पर उघैती, इस्लामनगर, सहसवान और बिल्सी थाना पुलिस भी पहुंच गई। उसके बाद सीओ सहसवान विजय प्रकाश, सीओ बिल्सी इरफान नासिर खान, सीओ बिसौली सर्वेंद्र सिंह और एसपी देहात डॉ. सुरेंद्र प्रताप सिंह भी आ गए। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से पूरा इलाका छान मारा लेकिन दोनों बदमाशों का कुछ पता नहीं चला। पुलिस पकड़े गए तीनों बदमाशों को थाने ले गई, जहां पूछताछ के दौरान बदमाशों ने अपने नाम सतीश निवासी ग्राम गनपुरा थाना गुन्नौर जिला संभल, ललित अवाना निवासी सेक्टर 128 असगरपुर, थाना एक्सप्रेस वे और मोहित निवासी सेक्टर 128 असगरपुर फरियाज कॉलोनी, थाना एक्सप्रेस वे बताए। तलाशी में उनके पास दो तमंचे, एक पिस्टलनुमा लाइटर, गाड़ी का लॉक तोड़ने वाला वायर और लूट की स्विफ्ट डिजायर कार बरामद की गई। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
-------------------------
नोएडा से लूटकर लाए थे स्विफ्ट डिजायर कार
बदायूं। बदमाशों ने बरामद स्विफ्ट डिजायर कार नोयडा सेक्टर 49 से लूटी थी। दरअसल नोएडा निवासी रमेश चंद्र का ड्राइवर पार्किंग में कार खड़ी करके सो रहा था। उसी समय बदमाशों ने उस पर हमला बोल दिया। उसके साथ मारपीट की और उसे वहीं बांधकर डाल दिया। फिर कार लूटकर फरार हो गए। इस संबंध में रमेश चंद्र ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। तभी से नोएडा पुलिस को बदमाशों की तलाश थी।
-------------------------
नाधा डिग्री कॉलेज के शिक्षक के संपर्क में थे बदमाश
35 हजार रुपये में हुआ था कार का सौदा
बदायूं। पकड़े गए बदमाश नाधा के राजकीय डिग्री कॉलेज के एक शिक्षक के संपर्क में थे। जरीफनगर पुलिस की माने तो वह शिक्षक कार खरीदना चाहता था। इसको लेकर बदमाशों की लगातार उससे बात हो रही थी। उन्होंने फोन पर कार का 35 हजार रुपये में सौदा कर लिया था लेकिन कार की नंबर प्लेट उतारकर रख ली थी।
गुरुवार सुबह जरीफनगर आने से पहले बदमाशों की शिक्षक से बात हुई थी। तभी बदमाश नोएडा से कार लेकर रवाना हुए थे। बदमाश कॉलेज पहुंचे लेकिन उनकी बात नहीं बन पाई और वापस जाने लगे। तब तक किसी ने पुलिस को इसकी सूचना दे दी। नाधा से निकलकर बदमाशों ने नंबर प्लेट उतारकर गाड़ी में रख ली और आगे की ओर चल दिए। परंतु थानपुर गांव के पास जंगल में मुठभेड़ के बाद पुलिस के हत्थे चढ़ गए। बदमाशों के पास मिले वायर से पुलिस अनुमान लगा रही है कि यह लोग कार चोरी भी करते होंगे। फरार बदमाश कहां हैं और कौन हैं, इसके लिए पुलिस तीनों बदमाशों से पूछताछ कर रही है। देर शाम तक उन्होंने इसके बारे में कुछ नहीं बताया था।
-------------------------
तीन बदमाश पकड़े गए हैं। उनके पास से नोएडा से लूटी गई कार बरामद हुई है। फिलहाल उनसे पूछताछ की जा रही है। उनसे कई जानकारियां मिल सकती हैं। कार्रवाई के बाद उन्हें जेल भेजा जाएगा।
- डॉ. सुरेंद्र प्रताप सिंह, एसपी देहात