फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मारुति कार में ब्लास्ट, दहल गया नया मुरादाबाद

Thu, 05 Dec 2013 11:03 PM IST
अमर उजाला, मुरादाबाद
विज्ञापन
विज्ञापन
मझोला के नया मुरादाबाद में पीतल कारोबारी के घर के बाहर खड़ी उनकी मारुति कार की एलपीजी किट में गुरुवार शाम अचानक आग लगने से ब्लास्ट हो गया।
विज्ञापन


तेज धमाके से पूरा इलाका दहल उठा। गनीमत रही कि कोई घायल नहीं हुआ। विस्फोट इतना तेज था कि आसपास के तमाम घरों में दरवाजे और खिड़कियों के शीशे टूट गए। एक घर की दीवार भी चटक गई। लोग घरों से निकलकर बाहर भागे।
 
कारोबारी मोइनुद्दीन का मकान नया मुरादाबाद में गुलाब फर्म के सामने गली में है। उनकी बेटियां रानी पत्नी शकील और शैला टीएमयू में बीएससी नर्सिंग की छात्राएं हैं।
विज्ञापन


शकील दिल्ली में कारोबार कर रहे हैं। कुछ दिन पहले ही रानी के भाई अब्दुल समद ने एलपीजी किट लगी पुरानी मारुति 800 कार खरीदी थी। गुरुवार को रानी और शैला कार से कालेज गईं। अपरान्ह चार बजे वे लौटकर आईं।
 
इसके बाद रानी का 14 साल का बेटा मोंटी ड्राइविंग सीखने लगा। पड़ोसियों की मानें तो कुछ देर बाद घर के बाहर मोंटी घरेलू सिलेंडर से एलपीजी रिफिल करने लगा। तभी आग लग गई। मोंटी चिल्लाते हुए बाहर आया। मां रानी ने आकर बाल्टी भर पानी डाला।

लेकिन तभी तेज धमाके के साथ विस्फोट हो गया। लोग अपने घरों से निकलकर भागे। पड़ोसी कुसुम सैनी पत्नी गुड्डू, ममता रानी पत्नी विनोद, भारती शर्मा पत्नी नेत्रप्रकाश के घर के शीशे टूट गए। पांच साल का एक बच्चा चपेट में आने से बच गया।

धमाके से बाल-बाल बचा मोंटी
हादसे के दौरान मोंटी, उसकी मां रानी, मौसी शैला समेत आसपास घरों के तमाम लोग थे। मोंटी के बाल झुलस गए। जबकि उसका चेहरा काला हो गया। रानी के कपड़ों में भी आग लग गई। लेकिन इसी दौरान लोगों ने पानी डालकर आग बुझाई। घटना के काफी देर बाद फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक इलाके के लोगों ने पानी से आग बुझा ली थी।

कार की छत, दीवारें, सीटें सब गायब
ब्लास्ट इतना तेज था कि कार की लोहे की छत, दीवारें, सीटें, गियर बाक्स सब धमाके के साथ उड़ गए। कोई हिस्सा एक घर की छत पर गिरा तो कोई दूसरे घर की छत पर। मोंटी और उसकी मां तो बुरी तरह सहम गए। अगर कार के अंदर कोई होता तो...। यही सोचकर रानी रो पड़ी। किसी तरह पड़ोसियों ने उसे सहारा दिया।

पाकबड़ा के व्यापारी से खरीदी थी कार
रानी ने बताया कि कुछ माह पहले ही भाई अब्दुल समद ने पाकबड़ा के एक व्यापारी शबाब हैदर से 30 हजार रुपये में कार खरीदी थी। एलपीजी किट कार में पहले से ही लगी थी। हादसे के बाद अब्दुल समद गायब हो गया। बताया जा रहा है कि वह भी कार में मोंटी के साथ था। परिवार वालों ने उसके बारे में कुछ नहीं बताया।

थाने के सामने हुए धमाके की तफ्तीश बंद
कार जल गई और उसी के साथ पुलिस की तफ्तीश भी बंद हो गई। जम्मू कश्मीर के नंबर की उस कार के मालिकों को पुलिस आज तक नहीं ढूंढ पाई। एक माह पूर्व ही थाने के सामने उसमें आग लगी थी। फायर ब्रिगेड जब तक पहुंची, चालक और कार सवार फरार हो गए थे।
विज्ञापन

 
बता दें कि एक माह पूर्व दिल्ली रोड पर गांगन पुल पर अचानक मारुति वैन कार में आग लग गई थी। रामपुर की ओर से यह कार दिल्ली की ओर जा रही थी। कार के साथ एक यात्री का बैग भी जल गया था। घटना के बाद लोगों के जेहन में तमाम सवाल थे। लोगों ने यात्रियों को संदिग्ध माना था। लेकिन पुलिस को कोई वास्ता नहीं। कार अब भी थाने के सामने जली हुई हालत में खड़ी है, लेकिन पुलिस उसके सवारों का पता नहीं लगा पाई। वे कौन थे, कहां जा रहे थे और वारदात के बाद कहां गए? जैसे सवाल आज भी अनुत्तरित हैं।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें