रोजगार के मुद्दे पर युवा करेंगे वोटिंग
बिजनौर। विधानसभा चुनाव का बिगुल बजा हुआ है। प्रत्याशियों ने नामांकन के साथ ही मतदाताओं को साधना शुरू कर दिया है। सभी राजनीतिक पार्टियाें द्वारा मतदाताओं को लुभाने का दौर अब शुरू हो चुका है। इस चुनाव में युवा मतदाताओं को हर पार्टी अपनी ओर खींचने का प्रयास कर रही है। मगर इस बार के विधानसभा चुनाव में युवा वर्ग रोजगार, शिक्षा के मुद्दों को लेकर मतदान करेगा। युवाओं का कहना है कि जो सरकार उनके हक की बात करेगी, उसे वोट करेंगे। संवाद
उम्र निकल रही, अब भर्ती का इंतजार
हर्ष शर्मा ने बताया कि युवाओं के लिए रोजगार ही सबसे बड़ा मुद्दा है। पढ़-लिखकर भी तमाम युवा बेरोजगार हैं। साल 2019 में आर्मी की भर्ती में हिस्सा लिया था। इसके बाद अभी तक भर्ती नहीं निकली है। भर्ती के हिसाब से हमारी उम्र निकली जा रही है, लेकिन दूसरी भर्ती नहीं मिली।
शिक्षा के साथ रोजगार भी रहेगा मुद्दा
मयंक चाहल ने कहा कि बेहतर शिक्षा प्राप्त करने के बाद अच्छी नौकरी मिलना बेहद मुश्किल है। बेरोजगार युवा नौकरी मिलने का इंतजार कर रहे हैं। युवा वर्ग ग्रेजुएशन करने के बाद भी फैक्टरी में छोटी मोटी नौकरी करने को मजबूर है। इसके साथ ही कहा कि इस बार के चुनाव में रोजगार के साथ ही शिक्षा भी बड़ा मुद्दा रहेगा।
अपने शहर में ही मिले अच्छी शिक्षा
हिमांशु कुमार ने बताया कि इस बार के विधानसभा चुनाव में शिक्षा और स्वास्थ्य के मुद्दे को लेकर मतदान करेंगे। अच्छी शिक्षा ही बच्चों के भविष्य को सुनहरा बनाती है। अपने शहर में ही अच्छे शिक्षण संस्थान हों तो कम खर्च में पढ़ाई हो जाती है।
युवाओं को चाहिए रोजगार
नितिन चौधरी ने बताया कि युवाओं को रोजगार चाहिए। बेरोजगारी सबसे बड़ी समस्या बनती जा रही है। अबकी बार उसे ही वोट दिया जाएगा जोकि रोजगार की बात करेगा।
महंगाई हो कम
नवनीत कुमार ने कहा कि महंगाई आम आदमी की कमर तोड़ने का काम कर रही है। आमदनी अठन्नी और खर्चा रुपया है। महंगाई को काबू में रखने का जो पार्टी वादा करेगी, उसे ही वोट दिया जाएगा। इस बार के विधानसभा चुनाव में युवा बहुत सोच-समझकर मतदान करेगा।
युवा हर्ष शर्मा।- फोटो : BIJNOR
युवा मयंक चाहल।- फोटो : BIJNOR
युवा नवनीत कुमार।- फोटो : BIJNOR
ुवा हिमांशु कुमार।- फोटो : BIJNOR