सड़क दुर्घटना में युवक की मौत
हल्दौर। गांव पैजनियां चौराहे के निकट ट्रक की चपेट में आने से एक बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को मेरठ ले जाने के दौरान उसकी रास्ते में ही मौत हो गई। पुलिस ने मौके से फरार हो रहे ट्रक चालक का पीछा किया। पुलिस को आता देख चालक गांव अम्हेड़ा के निकट ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया।
थाना नगीना क्षेत्र के गांव भूरापुर निवासी भूरे सिंह (30) चांदपुर थाना क्षेत्र के गांव फीना में स्थित एक क्रेशर में कारीगर था। परिजनों के अनुसार वह रविवार शाम करीब पांच बजे बाइक से चांदपुर- पैजनियां मार्ग से होकर भूरापुर जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जब बाइक सवार गांव पैजनियां चौराहे पर पहुंचा तो नूरपुर से बिजनौर की ओर जा रहे एक ट्रक की चपेट में आ गया। मौके पर मौजूद लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। चिकित्सकों ने उसे नाजुक हालत में मेरठ रेफर कर दिया। लेकिन मेरठ पहुंचने से पहले रास्ते में ही युवक ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने ट्रक का पीछा किया तो गांव अम्हेड़ा के निकट चालक पुलिस को आता देख ट्रक छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने युवक के भाई दीपक की तहरीर पर ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। युवक के चार बेटियां हैं और पत्नी की बीमारी में मौत हो चुकी है।
वाहन की टक्कर से ठेली वाले घायल
स्योहारा। सब्जी लेने मंडी जा रहे दो ठेली वालों को एक वाहन ने टक्कर मार दी, जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को हायर सेंटर रेफर किया गया है। गांव पित्थापुर निवासी सरफराज और आलम सोमवार की सुबह ठेली से सब्जी लेने के लिए सब्जी मंडी जा रहे थे। धामपुर रोड पर फव्वारा चौक के पास मुरादाबाद की ओर से आ रहे वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। जिसमें दोनों घायल हो गए। दोनों को सीएचसी लाया गया, जहां से उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।