जमीन के विवाद में अपहरण कर युवक की हत्या
बिजनौर। जमीन के विवाद में एक युवक का अपहरण कर हत्या कर दी गई। उसका शव हरियाणा में ले जाकर डाल दिया। युवक के परिजनों ने यह आरोप लगाते हुए एसपी से शिकायत की है और कार्रवाई की मांग की है।
स्योहारा थाना क्षेत्र के गांव मुबारकपुर गढ़ी की रहने वाली दुलारी ने प्रार्थना पत्र दिया, जिसमें कहा गया कि उसका परिवार मूलरूप से बढ़ापुर के गांव सिक्कावाला का रहने वाला है। छह साल पहले जमीन के विवाद में सिक्कावाला गांव से आरोपियों ने निकाल दिया था। जिसके बाद वे मुबारकपुर गढ़ी में रहने लगे। 18 अप्रैल की सुबह उसका बेटा जनेश और बेटियां बीना तथा रिंकी स्योहारा जा रहे थे। आरोप है कि तीनों लोग सरकड़ी गांव से निकले तो टाटा सूमो में सवार बदमाश जनेश को उठा ले गए। जिसे एक मकान में बंधक बनाकर रखा गया और यातनाएं दीं। जिसकी हत्या कर हरियाणा क्षेत्र में डाल दिया। एक नंबर से कॉल आई, जिसके बाद वे फरूखनगर थाने पहुंचे। वहां की पुलिस और डाक्टरों से हमसाज होकर उसका पोस्टमार्टम कराया गया। 19 अप्रैल को स्योहारा थाने में रिपोर्ट लिखने के लिए प्रार्थना पत्र दिया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। हत्या करने वाले पांचों आरोपी फोन कर उन्हें धमकी दे रहे हैं। उन्होंने प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की है।