युवक से मारपीट, सीओ से कोतवाल की शिकायत
धामपुर। नहटौर थाने के गांव मिरजापुर जसमौरा के ग्रामीणों ने शनिवार को सीओ धामपुर के कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि 23 जुलाई की शाम को नहटौर थाने के कोतवाल जय कुमार ने पुलिस बल के साथ गांव के मोहम्मद रिजवान को जबरन उठाकर थाने ले गए और उसके साथ मारपीट की, जिससे रिजवान के पैर में फ्रैक्चर आ गया। प्रदर्शनकारियों ने कोतवाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई करने और कोतवाल को थाने से हटवाने की मांग की है। सीओ अजय कुमार अग्रवाल ने मामले की जांच कराकर कार्रवाई का भरोसा देकर प्रदर्शनकारियों को शांत किया।
ग्रामीण प्रधान मिर्जापुर दानिश के नेतृत्व में गांव के लोग बड़ी संख्या में सीओ कार्यालय में एकत्र हुए। उन्होंने बताया कि उनके गांव के पास नदी के रास्ते पर पानी बह रहा था। गांव का रिजवान अहमद जब 23 जुलाई की शाम को ईद के मौके पर घर आए मेहमानों को गांव से बाहर विदा कर घर वापस आ रहा था तो इस दौरान कोतवाल नहटौर पुलिस बल के साथ उसके पास आए और रिजवान को उठाकर गाड़ी में डालकर ले गए। पुलिस ने उसके साथ मारपीट की, जिससे रिजवान के एक पैर की हड्डी टूट गई। ग्रामीणों ने नहटौर कोतवाल के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि यदि कार्रवाई नहीं होती है तो वे एसपी डा. से बिजनौर जाकर मिलेंगे। सीओ ने ग्रामीणों को जांच कर कार्रवाई का भरोसा देकर उन्हें शांत किया। सीओ ने कहा कि मामले की जांच होगी। यदि कोतवाल की गलती है तो कार्रवाई जरूर होगी।
कोतवाल नहटोर जय कुमार ने आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि जब पुलिस गश्त पर थी तो उन्हें एक बाइक पर चार युवक नजर आए। जब उनसे रुकने को कहा गया तो वह बाइक को छोड़ कर फरार हो गए। कोतवाल ने मारपीट की घटना से इंकार किया है। प्रदर्शन में जीशान, अरमान, इसरार, रिजवान, हाशम, जरीश, शराफत हुसैन आदि रहे।