स्योहारा। थाना क्षेत्र के एक गांव में घर में घुसकर नाबालिग किशोरी के साथ छेड़छाड़ और अश्लील हरकत करने के आरोप में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
थाना क्षेत्र की एक महिला ने एक सितंबर को पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि गांव का ही एक युवक उसके घर में घुस आया। आरोप है कि युवक ने उसकी 16 वर्षीय पुत्री के साथ छेड़छाड़ करते हुए अश्लील हरकत की। महिला के अनुसार, किशोरी ने विरोध किया तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद महिला ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।
पुलिस ने महिला की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। बुधवार को पुलिस ने मामले में नामजद आरोपी मन्ना पुत्र अफसर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। सीओ धामपुर अंजनी कुमार चतुर्वेदी का कहना है कि मामले में आवश्यक अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।