नहटौर में नहटौर-नूरपुर मार्ग पर बाइकों की भिड़ंत में एक बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। दूसरा बाइक सवार घायल हो गया। पुलिस कार्रवाई से इंकार करते हुए परिजन शव घर ले गए। दूसरे घायल युवक को सीएचसी में भर्ती कराया गया। दोनों बाइक सवार युवकों ने हेलमेट नहीं लगा रखा था।
गांव ताहरपुर सैद उर्फ तरकौला निवासी शाहिद पुत्र अब्दुल रशीद (26) बाइक से नहटौर जा रहा था। नहटौर-नूरपुर मार्ग पर चक ईट भट्ठे के पास गांव के लिंक मार्ग से सड़क पर चढ़ने के दौरान नूरपुर की ओर से आ रही एक अन्य बाइक से भिड़ंत हो गई। इसमें शाहिद के सिर में गंभीर चोट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। दूसरा बाइक सवार युवक नौगावा सादात निवासी शीतल निकला। वह अपने रिश्तेदारी गांव समसपुर से नहटौर जा रहा था। शीतल भी घायल हो गया, उसे सीएचसी में भर्ती कराया गया। भिड़ंत में दोनों बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। मृतक के परिजनों ने कार्रवाई से इंकार करते हुए शव को अपने घर ले गए। दोनों बाइक सवारों के पास हेलमेट नहीं था। शाहिद की मौत सिर में चोट लगने के कारण होना बताया जा रहा है।
वहीं नगीना में शुक्रवार को उत्तराखंड के डिप्टी सेक्रेट्री और उनके सेवानिवृत्त साथी देहरादून से हल्द्वानी एक शादी में शामिल होने के लिए चले थे। वह साढ़े 11 बजे नगीना रेलवे स्टेशन चौराहे पर पहुंचे। उन्होंने कार के ड्राइवर वीरेंद्र सिंह से चौराहे पर स्थित एक रेस्टोरेंट के किनारे गाड़ी खड़ी करने को कहा। इसी बीच जैसे ही कार ड्राइवर ने खड़ी करने के लिए मोड़ी तो पीछे की ओर से आ रहे एक ट्रक ने कार को टक्कर मार दी। इससे कार की खिड़की बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। मौका पाकर ट्रक ड्राइवर गाड़ी छोड़कर भाग गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और ट्रक को कब्जे में ले लिया। पुलिस का कहना है यदि तहरीर देते हैं तो कार्रवाई की जाएगी।