कॉलोनी विकसित करने को लेकर विचार-विमर्श करते एक्सईएन।
- फोटो : अमर उजाला
नजीबाबाद में आवास विकास कॉलोनी निर्माण प्रक्रिया जल्द शुरू होगी। आवास विकास परिषद के एक्सईएन ने नजीबाबाद पहुंचकर कॉलोनी निर्माण के लिए वाटर लेवल के निर्धारण का जायजा लिया। छह माह के भीतर आवास विकास के लिए लॉटरी प्रक्रिया पर आधारित बुकिंग प्रक्रिया शुरू होगी।
नगरवासियों को जल्द भव्य आवास विकास कॉलोनी का तोहफा मिलेगा। कोटद्वार मार्ग पर मंडी समिति के निकट 11 हेक्टेयर भूमि में निर्मित कॉलोनी के निर्माण प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जा रहा है। आवास विकास मुरादाबाद के एक्सईएन एवी सिंह ने बृहस्पतिवार को आवास विकास के लिए अधिगृहीत भूमि के वाटर लेवल निर्धारण प्रक्रिया का अध्ययन किया। एक्सईएन ने बताया कि कॉलोनी को जलभराव से सुरक्षित रहने, कॉलोनी की जलनिकासी की समुचित व्यवस्था के लिए स्थलीय निरीक्षण एवं सर्वे प्रक्रिया जारी है। जल्द ही आवास विकास कॉलोनी चारदीवारी का निर्माण शुरू होगा।
मकान और आवासीय प्लॉट मिलेंगे
आवास विकास कॉलोनी में लॉन और किचन सहित एक और दो कमरों के 346 मकान और 239 आवासीय प्लॉट पंजीकरण के बाद लॉटरी के आधार पर आवंटित किए जाएंगे। एक्सईएन एवी सिंह के अनुसार एक कमरे का मकान 40 वर्ग मीटर तथा दो कमरों का मकान 60 वर्ग मीटर में होगा। आवासीय प्लॉट न्यूनतम 72 वर्ग मीटर तथा अधिकतम 257 वर्ग मीटर के होंगे। पांच वर्ष में आवास निर्मित कराने अनिवार्य होगी।
नगीना को भी मिलेगी आवास विकास कॉलोनी
नगीना कताई मिल द्वारा 24 एकड़ भूमि आवास विकास कॉलोनी को देने के प्रस्ताव के बाद आवास विकास परिषद ने नगीना में कॉलोनी निर्माण प्रक्रिया तेज कर दी है। आवास विकास परिषद की लखनऊ, मुरादाबाद टीमों के स्थलीय निरीक्षण के बाद कॉलोनी निर्माण के लिए आवास विकास परिषद के लखनऊ मुख्यालय पर फाइल पहुंच चुकी है। जल्द नगीना वासियों को आवास विकास कॉलोनी का तोहफा मिलेगा।