किरतपुर में कोल्ड स्टोर पर मजदूर की हत्या के बार में जानकारी लेते एसपी डा.धर्मवीर सिंह।
- फोटो : BIJNOR
मजदूर की चाकू से हमला कर हत्या
किरतपुर। आपसी विवाद में एक मजदूर ने दूसरे पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला करके उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने हत्यारोपी को हिरासत में लिया है। दो अन्य युवकों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। उनकी तलाश की जा रही है।
किरतपुर की डीबी आईस फैक्टरी व कोल्ड स्टोर में क्षेत्र के गांव पाड़ला निवासी 32 साल का पवन कुमार व किरतपुर की टीचर कॉलोनी निवासी 20 साल का हेमंत काम करते थे। हेमंत कभी-कभी काम पर आता था। पवन एक साल से वहां काम कर रहा था। दोनों दिहाड़ी मजदूरी पर पल्लेदारी का काम करते थे। दोनों शराब पीने के आदी थे, पिछले दिनों दोनों में मामूली विवाद हो गया था। बृहस्पतिवार शाम करीब साढ़े चार बजे दोनों फिर से आपस में भिड़ गए। हेमंत ने पवन के सिर व कमर पर चाकू से ताबड़तोड़ कई वार करके उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। जिला अस्पताल ले जाते समय उसकी रास्ते में मौत हो गई।
घटना की सूचना पर एसपी डॉ. धर्मवीर सिंह ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आरोपी हेमंत को हिरासत में ले लिया है। पवन के पिता रमेश कुमार ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में आरोप लगाया है कि पवन 23 फरवरी को हेमंत कुमार को खाने पर अपने घर लेकर आया था। वहां पर हेमंत ने पवन की पत्नी पर कुछ छींटाकशी कर दी। जिस पर दोनों में बोलचाल बंद हो गई थी। हेमंत ने तभी पवन को देख लेने की धमकी दी थी।
बैराज घाट पर मिला वृद्धा का शव
बिजनौर। पुलिस ने बैराज घाट से एक वृद्धा के शव को कब्जे में लिया हैं। चर्चा है कि वृद्धा ने बैराज गंगा में कूदकर खुदकुशी की है। आसपास के लोगों ने उसके शव को गंगा से बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। महिला की पहचान नहीं हुई है। पुलिस महिला की पहचान कराने में जुटी है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।