नजीबाबाद- लालपुर सोजीमल क्षेत्र में पहुंची नई पाइपलाइन। स्रोत-ग्रामीण
नजीबाबाद। गंगा के कटान क्षेत्र में आईओसी की नई पाइप लाइन डालने का काम शुरू हो गया है। पानीपत से नजीबाबाद पहुंचने वाली आईओसी की ऑयल पाइपलाइन अगस्त माह में गंगा की बाढ़ के चलते टूट गई थी। बालावाली रेलवे पुल के निकट नजीबाबाद तहसील के गांव लालपुर सोजिमल क्षेत्र में उफनाई गंगा ने अगस्त माह में कहर बरपाया था। 22 अगस्त को गंगा नदी के कटान से इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी।
इंडियन ऑयल डिपो नजीबाबाद के इंचार्ज प्रवीण कुमार ने बताया कि गंगा क्षेत्र में नई पाइप लाइन डालने का काम शुरू कर किया गया है। क्षेत्र में नए पाइप पहुंच गए हैं। गंगा नदी के पार का क्षेत्र रुड़की डिपो के अंतर्गत आता है। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन की ओर से फरवरी तक नई पाइप लाइन डालने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
उधर, डिपो इंचार्ज ने बताया कि पुरानी ऑयल पाइप लाइन को गंगा नदी का पानी कम होने के बाद निकाला जाएगा। पुरानी पाइप लाइन से पेट्रोलियम पदार्थ की आपूर्ति होना संभव नहीं है।