प्रसव कराने गई महिला निकली कोरोना पॉजिटिव
हल्दौर/बिजनौर। जिला महिला अस्पताल में प्रसव कराने पहुंची प्रसूता कोविड जांच में कोरोना संक्रमित निकली। इससे चिकित्सकों और उसके परिजनों में हड़कंप मच गया। जिला महिला अस्पताल के चिकित्सकों ने उसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज मेरठ भेज दिया है। ट्रू नॉट मशीन से संक्रमित निकलने वाली यह पहली गर्भवती महिला है।
हल्दौर के मोहल्ला लक्कड़शाह निवासी एक गर्भवती महिला को प्रसव पीड़ा होने पर परिजन उसे लेकर जिला महिला अस्पताल पहुंचे। जिला अस्पताल में स्थापित ट्रू नॉट मशीन से उसकी कोविड-19 की जांच की गई। इस जांच में यह महिला कोरोना पॉजिटिव निकली। इससे चिकित्सकों एवं महिला के परिजनों में हड़कंप मच गया। जिला महिला अस्पताल की सीएमएस डॉ. आभा वर्मा ने बताया कि हल्दौर की रहने वाली एक महिला को प्रसव के लिए जिला महिला अस्पताल लाया गया था। इस दौरान महिला का नोजल और थ्रॉट स्वाब लेकर जांच की गई तो उसकी जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई। चिकित्सकों ने महिला को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज मेरठ रेफर कर दिया है। सीएमएस ने बताया कि अब तक ट्रू नॉट मशीन से कोरोना पॉजिटिव निकलने वाली यह जिले की पहली गर्भवती महिला है।