हल्दौर में रेलवे लाइन के पास महिला का शव मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस और जमा भीड़।
- फोटो : BIJNOR
झाड़ियों में मिला महिला का शव
हल्दौर। हल्दौर से गांव अम्हेड़ा की ओर जाने वाले रेल मार्ग के किनारे झाड़ियों में अज्ञात महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पाकर सीओ सिटी, डॉग स्क्वायड टीम व पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शनिवार को हल्दौर और आसपास के गांवों के किसान को सुबह दस बजे हल्दौर रेलवे स्टेशन से गांव अम्हेड़ा की ओर जाने वाले मार्ग पर रेलवे लाइन के निकट झाड़ियों में तीव्र दुर्गंध का एहसास हुआ। उन्होंने पास पहुंचकर देखा तो एक प्लास्टिक के कट्टे से दुर्गंध आ रही थी। किसानों ने सूचना पर हल्दौर थाना प्रभारी निरीक्षक कांति प्रसाद शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कट्टे को खेलकर देखा तो उसमें महिला का सड़ा-गला शव मिला। थाना प्रभारी ने मामले की सूचना उच्च अधिकारियों को दी। सीओ सिटी कुलदीप गुप्ता डॉग स्क्वायड टीम के साथ मौके पहुंचे। पुलिस ने मौके का मुआयना कर शव कब्जे में ले लिया। पुलिस ने बताया कि शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। महिला की उम्र करीब 30 वर्ष बताई जा रही है और शव 15 दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। महिला के दोनों पैर रस्सी से पीछे की बंधे थे। गले पर भी निशान मिले हैं। थाना प्रभारी निरीक्षक कांति प्रसाद शर्मा ने बताया कि महिला की हत्या करने के बाद शव को झाड़ियों में लाकर फेंका गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ही हत्या के कारणों का पता चल पाएगा।