बिजनौर। विदुरकुटी मार्ग पर गंगा स्नान मेले में जाते समय भैंसा-बुग्गी में पीछे से ट्रैक्टर ट्राली द्वारा टक्कर मारने से एक युवती की मौत हो गई। जबकि तीन लोग घायल हो गए। आरोपी चालक को फतेहपुर मार्ग पर पकड़ लिया गया। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
थाना क्षेत्र के गांव इस्लामपुर लाला उर्फ जुड्डी निवासी खजान सिंह परिजनों के साथ विदुरकुटी गंगा स्नान मेले में जा रहे थे। चांदपुर क्षेत्र के गांव बेरखेड़ा निवासी 50 वर्षीय लीलावती भी पास के गांव मोहल्लडपुर में बहन के घर आई थी।
लीलावती गंगा स्नान मेले में जाने के लिए खजान सिंह की बुग्गी में बैठ गई। गांव से कुछ दूरी पर विदुरकुटी मार्ग पर गंगा स्नान मेले में जा रही ट्रैक्टर ट्राली ने पीछे से बुग्गी में टक्कर मार दी। हादसे में खजान सिंह की 20 वर्षीय पुत्री आदेश नीचे गिर गई और ट्रैक्टर के नीचे आने से मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में खजान सिंह की 18 वर्षीय पुत्री शिवानी गांव बेरखेडा निवासी लीलावती की पोती खुशी नौ वर्ष पुत्री मोनू व पौत्र खुशीराम पांच वर्ष घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर लोग जमा हो गए और हंगामा करने का प्रयास किया। दुर्घटना की सूचना पर एसडीएम सदर अजय तिवारी मौके पर पहुंचे तथा ग्राम वासियों को समझाकर शांत किया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पोते का मुंडन कराने जा रही थी
बिजनौर। लीलावती बेरखेड़ा से भांजे वीर सिंह के पास गांव मोहल्लडपुर में आई थी। विदुरकुटी गंगा स्नान मेले में अपने पोते खुशीराम का मुंडन कराने जा रही थी।
हादसे में पोते और पोती के घायल हो जाने से गंगा स्नान मेले के बजाय अस्पताल पहुंच गई।
युवकों के ऊपर ट्रैक्टर चढ़ाने का प्रयास
हादसे के बाद आरोपी चालक ट्रैक्टर सहित फरार हो गया। सूचना पर ग्रामीणों ने बाइक से ट्रैक्टर का पीछा किया। इस दौरान रास्ते में चालक और उसके साथियों ने बाइक सवार युवकों के ऊपर ट्रैक्टर चढ़ाने का प्रयास किया।
पुलिस को सूचना देने पर ग्रामवासियों के प्रयास से हल्दौर फतेहपुर मार्ग पर गांव फतेहपुर के पास आरोपी चालक को पकड़ लिया गया। ट्रेक्टर में सवार अन्य व्यक्ति मौके से फरार हो गए।
गंगा स्नान की खुशियां मातम में बदली
खजान सिंह परिजनों के साथ खुशी-खुशी गंगा स्नान मेले में जा रहे थे। हादसे में एक बेटी की मौत होने से परिजनों में कोहराम मचा है। गंगा स्नान की सारी तैयारियां धरी की धरी रह गई।