महिला ने जहरीला पदार्थ खाकर जान दी
बिजनौर। पारिवारिक कलह में एक महिला ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। मृतका के मायकों वालों ने ससुरालियों पर आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मृतका के पति एवं सास को हिरासत में ले लिया है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला अचारजान निवासी विवेक अग्रवाल की पत्नी दीप्ति अग्रवाल ने कीटनाशक का सेवन कर आत्महत्या कर ली। बृहस्पतिवार को उसके मायके वाले काशीपुर से विवेक के घर पहुंचे। उन्होंने विवेक एवं उसके परिजनों पर दीप्ति के उत्पीड़न का आरोप लगाया। परिजनों ने बताया कि दीप्ति और विवेक की शादी दस साल पहले हुई थी। उनके एक बेटा व एक बेटी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने विवेक एवं उसकी मां को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शहर कोतवाल रमेशचंद्र शर्मा ने बताया कि मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।