घर पर प्रसव के दौरान महिला की मौत
बिजनौर। घर पर प्रसव के दौरान एक महिला की मौत हो गई, जबकि बच्चा सुरक्षित है। महिला के मायके वालों ने ससुराल वालों पर जानबूझ कर उपचार नहीं कराने का आरोप लगाया है। उन्होंने महिला के पति सहित ससुराल पक्ष के चार लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और इलाज नहीं कराने का आरोप लगाया हैै। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिया है।
रविवार रात नजीबाबाद तहसील के मंडावली थाना क्षेत्र के गांव श्यामीवाला निवासी बबलू पुत्र चंद्रपाल की पत्नी नीतू (22) की घर पर प्रसव के बाद तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। मायके वालों ने ससुराल वालों पर तबीयत बिगड़ने पर महिला का उपचार नहीं कराने का आरोप लगाया है। रायपुर सादात निवासी महिला के ताऊ तोताराम ने बताया कि करीब दस माह पहले उसके छोटे भाई स्व: राजपाल की पुत्री नीतू का विवाह श्यामीवाला निवासी बबलू के साथ हुआ था। आरोप है कि विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज के लिए नीतू का उत्पीड़न कर रहे थे। विवाह के बाद दो बार नीतू को मारपीट कर घर से निकाल दिया गया। इसके बाद समझाबुझा कर मामला शांत कराकर नीतू को उसके ससुराल भेज दिया गया। इस दौरान वह गर्भवती हो गई, लेकिन उसके स्वास्थ्य पर ध्यान नहीं दिया गया। तबीयत बिगड़ने पर कई बार नीतू के छोटे भाई नकुल ने उसका उपचार कराया। रविवार रात को प्रसव पीड़ा के बाद तबीयत बिगड़ने पर ससुराल वाले उसे अस्पताल नहीं लेकर गए। इस कारण घर पर ही उसका प्रसव हो गया। उसने पुत्र को जन्म दिया, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि ससुराल वालों ने उसकी मौत की सूचना भी उन्हें नहीं दी। रिश्तेदारों से उन्हें नीतू की मौत की सूचना मिली। तोताराम ने महिला के पति बबलू, सास माया, जेठ रिंकू और देवर बिट्टू के खिलाफ तहरीर दी है।