कार की चपेट में आकर महिला की मौत
अफजलगढ़/रेहड़। राष्ट्रीय राजमार्ग पर गांव बादीगढ़ के चौराहे पर बस की प्रतीक्षा कर रही महिला, उसके पति और धेवते को अनियंत्रित कार ने कुचल दिया। इस दुर्घटना में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसका पति और धेवता गंभीर रूप से घायल हो गया।
बुधवार सुबह अफजलगढ़ थाने के गांव नावका निवासी 57 वर्षीय कृष्णा देवी पति मनोहर सिंह व धेवते सत्यम (10) पुत्र नवनीत के साथ बादीगढ़ चौराहे पर भायपुर ठाकुरद्वारा जाने के लिए बस का इंतजार कर रही थी। बस स्टैंड पर कासमपुरगढ़ी निवासी मुबारक पुत्र कमालुद्दीन व अन्य यात्री भी वाहन के इंतजार में खड़े थे। अचानक सुआवाला मार्ग से जसपुर की ओर जा रही एक कार मोड़ पर अन्य किसी वाहन को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित हो गई। बेकाबू कार ने बस की प्रतीक्षा में खड़ी कृष्णा देवी, सत्यम व मुबारक को चपेट में ले लिया। दुर्घटना में तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें राहगीरों की मदद से उपचार के लिए अफजलगढ़ सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां से तीनों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
परिजन कृष्णा देवी को उपचार के लिए धामपुर ले जा रहे थे, रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया। चालक कार को मौके पर ही छोड़ कर फरार हो गया। पुलिस ने कार को अपने कब्जे में ले लिया। रेहड़ थानाध्यक्ष सुदेश कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।