फांसी लगाकर महिला ने की आत्महत्या
हल्दौर। गांव बल्दिया में एक महिला ने बृहस्पतिवार रात अपने घर में पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। महिला के मायके वालों ने इस मामले में कोई कानूनी कार्रवाई नहीं कराई है।
गांव बल्दिया में बृहस्पतिवार रात एक दंपती के बीच घरेलू समस्याओं को लेकर विवाद हो गया। देर रात करीब 11 बजे परिजन घर के अन्य कमरों में सोए हुए थे। ग्रामीणों के अनुसार महिला अपने पति से अनबन को लेकर तनाव में थी। इसी दौरान महिला ने अपने कमरे की छत के कुंदे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बृहस्पतिवार रात में ही महिला के परिजनों ने मामले की सूचना फोन पर पुलिस को दी। सीओ सिटी कुलदीप कुमार व थाना प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। मायके वालों ने पुलिस को इस संबंध में कोई कानूनी कार्रवाई न करने की तहरीर दी है। हल्का दरोगा गौरव कुमार का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।