कादराबाद। गांव हिदायतपुर निवासी मोहम्मद रफी पुत्र रमजानी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका सर्व यूपी ग्रामीण बैंक में खाता है। 15 सितंबर को रात में डेढ़ बजे उनके खाते से 22 हजार 500 रुपये क्रेजी फुटवेयर नाम के एकाउंट में ट्रांसफर किए गए।
उन्हें सुबह एसएमस आने पर ठगी का पता लगा। उन्होंने बैंक पहुंचकर की जानकारी की। उन्होंने बताया कि न तो उनके पास किसी तरह का ओटीपी आया और न ही कोई कॉल आई। सीओ आलोक सिंह ने जांच कर आवश्यक कार्रवाई कराने की बात कही है।
पापा मुझे बचा लो ठगों की चाल में फंसे पिता गंवा बैठे 95 हजार : स्योहारा मेें बेटे को दुष्कर्म के केस में फंसा बताकर साइबर अपराधियों ने क्षेत्र के एक राशन डीलर से 95 हजार रुपये ठग लिए। उनका बेटा गाजियाबाद में इंटरव्यू देने गया था।
अचानक उनके पास फोन पर एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को पुलिस अधिकारी बताया और कहा कि आपका बेटा दुष्कर्म के मामले में पकड़ा गया है, बचाना है तो तुरंत एक लाख 90 हजार रुपये भेजो।
ठगों ने किसी युवक से फोन पर रोते हुए कहलवाया ‘पापा मुझे बचा लो, इस बार की गलती माफ कर दो।’ राशन डीलर ने डर की वजह से बिना सोचे-समझे दो अलग-अलग नंबरों पर ऑनलाइन 95 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। कुछ देर बाद जब बेटे का फोन आने पर उन्हें ठगी का पता लगा।