नगीना। अमेरिका द्वारा वुडन हैंडी क्राफ्ट्स पर लगाए गए टैरिफ को 90 दिन के लिए स्थगित करने का असर नगीना हैंडीक्राफ्ट निर्यात कारोबार पर दिखने लगा है। टैरिफ लगने की आशंका के चलते स्थगित हुए करोड़ों रुपये के ऑर्डर अब खुल गए हैं। कुछ नए ऑर्डर भी कारोबारियों को मिल रहे हैं। इससे हैंडीक्राफ्ट कारोबार में फिर से नई जान आने की उम्मीद जगी है।
अमेरिका से वुडन हैंडीक्राफ्ट पर 26 प्रतिशत टैरिफ लगाने की आशंका थी। इस आशंका से ही करीब 50 करोड़ रुपये के हैंडीक्राफ्ट के ऑर्डर अमेरिका के व्यापारियों ने स्थगित कर दिए थे। बाद में टैरिफ पर 90 दिन की मोहलत दिए जाने से व्यापारियों के चेहरे खिल गए। अब पुराने रुके हुए ऑर्डर को हरी झंडी मिल रही है। वहीं नए ऑर्डर भी मिलने शुरू हो गए हैं। नगीना हैंडीक्राफ्ट डेवलपमेंट सोसाइटी के अध्यक्ष इरशाद मुल्तानी का कहना है कि टैरिफ स्थगित होने के बाद अधिकांश हैंडीक्राफ्ट कारोबारियों के रुके हुए ऑर्डर आने शुरू हो गए हैं। नगीना के मुख्य हैंडीक्राफ्ट निर्यातक जुल्फिकार आलम बताते हैं कि उनके रुके हुए ऑर्डर अभी नहीं आए हैं। इन ऑर्डर के जल्द आने की उम्मीद है। उनका कहना है कि अन्य देशों से आर्डर मिल रहे हैं।