उचित मुआवजे के बगैर जमीन पर कब्जा नहीं देंगे
धामपुर। भाकियू कार्यकर्ताओं ने शनिवार को शेरकोट के किसानों के साथ तहसील में प्रदर्शन किया। किसानों ने तहसीलदार को ज्ञापन सौंप चेताया कि यदि उन्हें बगैर मुआवजा दिए उनकी जमीन को जबरन कब्जा कर हाईवे 74 को चौड़ीकरण करने का प्रयास किया तो आंदोलन होगा। किसानों को काम शुरू होने से पहले उन्हें उनकी जमीन का उचित मुआवजा चाहिए।
भाकियू के ब्लाक अध्यक्ष दुष्यंत राणा के नेतृत्व में कार्यकर्ता प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए तहसील पहुंचे। वहां प्रशासन अधिकारियों की हाईवे 74 के अधिकारियों से मिलीभगत होने का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि हाईवे अधिकारियों की मनमानी से किसान परेशान है। हाईवे अधिकारियों ने जमीन को अधिग्रहण करने में पक्षपात बरता है। कहीं अधिकारियों ने 50 हजार रुपये प्रति वर्ग मीटर के हिसाब से किसानों की जमीन को अधिगृहीत किया है तो कहीं पर दबाव देकर दो हजार रुपये प्रति वर्ग मीटर के हिसाब से क्रय करने का प्रयास कर रहे हैं। चार दिन पहले हाईवे के अधिकारियों के साथ एसडीएम धीरेंद्र सिंह की अध्यक्षता में किसानों की वार्ता भी हुई जो विफल रहा। चेताया कि जब तक उनकी मांग को पूरा नहीं किया जाएगा, वह अपनी जमीनों पर हाईवे की ओर से मार्ग निर्माण नहीं देंगे। तहसीलदार रमेशचंद्र चौहान ने डीएम को रिपोर्ट से अवगत कराकर निदान का भरोसा दिया। प्रदर्शन करने वालों में दिनेश राणा, संजीव राजपूत, अचल चौहान, कामेश्वर सिंह चौहान, राहुल कुमार, तसलीम अहमद, रमेश सिंह, वेदप्रकाश सिंह आदि रहे।