जिस दिन ठान लेंगे उस दिन मिल जाएगी बेंच: स्वामी ओमवेश
बिजनौर। पश्चिमी उत्तर प्रदेश हाईकोर्ट बेंच स्थापना संघर्ष समिति की बैठक में सभी दलों के नेताओं ने एक सुर में हाईकोर्ट बेंच की मांग का समर्थन किया। जिला पंचायत अध्यक्ष भाजपा नेता साकेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि हाईकोर्ट बेंच वेस्ट यूपी में खुल गई तो वादकारियों को अपने केस लड़ने के लिए प्रयागराज नहीं जाना होगा। जनता का पैसा और समय दोनों ही बचेंगे। इस मांग को हर हाल में पूरा किया जाना चाहिए। पूर्व मंत्री सपा नेता स्वामी ओमवेश ने कहा कि जिस दिन वकीलों के दिलो दिमाग में यह बात आ जाएगी कि उन्हें बेंच चाहिए तो उस दिन उन्हें बेंच मिल जाएगी। इसके लिए अभी वकील ही तैयार नहीं हैं। उन्होंने कहा कि जहां भी मदद की जरूरत होगी वे हर समय तैयार रहेंगे। कृष्णा कॉलेज के पवन राजपूत ने कहा कि हाईकोर्ट बेंच बनने से वादकारियों व वकीलों दोनों को फायदा होगा। कांग्रेस जिलाध्यक्ष शेरबाज पठान, सपा विधायक मनोज पारस, रालोद नेता प्रवीण सिंह देशवाल ने भी बेंच के लिए होने वाले आंदोलन को समर्थन देने की बात कही।
- गेट का मुद्दा उठाया
वकीलों ने यूपी बार कौंसिल के चेयरमैन हरिशंकर सिंह के सामने मंडावर रोड के बंद किए गए गेट का मुद्दा उठाया। चेयरमैन ने कहा कि जैसे किसी को घर में जाने से नहीं रोका जा सकता है, उसी तरह वकीलों को जजी में आने से नहीं रोका जा सकता है। गेट का मामला हाईकोर्ट में है। वे इस मामले को देख रहे हैं। जजी का बंद हुआ गेट हर हाल में खुलवाया जाएगा।