05ड्ड कालागढ़ वनों में वाटर होल पर प्यास बुझाते वन्यजीव।
- फोटो : DHAMPUR
पानी की तलाश में वाटर होल पहुंच रहे वन्यजीव
कालागढ़। मौसम के मिजाज के तल्ख होते ही वनों में पानी की तलाश में वन्यजीव वाटर होल पर प्यास बुझाने पहुंच रहे हैं। वाटर होल पर वन विभाग ने सुरक्षा बढ़ाने का दावा किया है।
बढ़ते तापमान के चलते पानी की तलाश में वन्यजीव वनों में पानी के स्रोत ढूंढ़ रहे हैं। वन विभाग ने वनों में वाटर होल बनाए हैं। वन विभाग के अधिकारियों का दावा है कि वाटर होल में जीवों के लिए पर्याप्त जल आपूर्ति की जा रही है। जिससे जीवों को परेशानी का सामना न करना पड़े। कालागढ़ के वनों की दक्षिणी सीमा पर लगभग आठ वाटर होल बनाए गए हैं। यूपी की सीमा से लगे वनों में अक्सर वन्यजीवों की सुरक्षा को खतरा रहता है। इसलिए इस क्षेत्र को वन विभाग ने सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील घोषित किया है। यहां वनों में बने वाटर होल पर पानी पीने के लिए बाघ, गुलदार, हाथी, हिरन, नीलगाय, जंगली बकरी आदि आने लगे हैं।
कालागढ़ के वन क्षेत्राधिकारी आरके भट्ट ने बताया कि वनों में वाटर होल पर जीव आ रहे हैं। जीवों की सुरक्षा के लिए गश्ती दलों की जिम्मेदारी बढ़ गई है। वन विभाग का प्रयास है कि जीवों को पर्याप्त पानी वनों में ही मिल जाए। वन्यजीव बाहरी क्षेत्रों में पानी की तलाश में न जाएं। दक्षिणी सीमा के एक वाटर होल पर एक चीतल का बच्चा नील गाय के बच्चे के साथ पानी पीने के लिए आता दिखा।