कादराबाद। क्षेत्र के कई गांव के लोग जंगली हाथियों से परेशान हैं। हाथियों व अन्य वन्य जीवों द्वारा किसानों की फसलों को रौंदकर नष्ट किया जा रहा है। गांव मुरलीवाला निवासी ग्राम प्रधान गीतेंद्र सिंह ने बताया कि जंगली हाथियों के झुंड से किसान परेशान हैं।
बुधवार की रात्रि जंगली हाथियों ने उनके खेत में रखे पंपिंग सेट को पलट दिया। इसके अलावा गन्ने के खेत में जमकर उत्पात मचाया। इससे उन्हें काफी नुकसान हो गया है। इसके अलावा अतर सिंह, दिलशाद, तारा सिंह, निक्कू आदि किसानों खेतों में हाथियों ने नुकसान किया है। किसानों का कहना है कि कालागढ़ कार्बेट टाइगर सीमा से निकल कर जंगली हाथी जामुनवाला व मुरलीवाला के खेतों में आ रहे हैं। महीनों से किसान हाथियों से परेशान हैं।
इस संबंध में लिखित व मौखिक शिकायत भी वन कर्मियों को की गई है लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों से जंगली जानवरों से निजात दिलाने की मांग की है। नगीना रेंजर प्रदीप शर्मा का कहना है शीघ्र ही किसानों की समस्या समाधान कराने के लिए प्रयास किया जाएगा।