पत्नी को तीन तलाक देने वाले का चालान
बढ़ापुर। क्षेत्र के एक गांव में ससुराल पक्ष की ओर से दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता से मारपीट व पति के तीन तलाक देने के मामले में पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर चार लोगों के विरुद्ध केस दर्ज कर आरोपी पति का चालान किया है।
रविवार को थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी एक विवाहिता ने थाने में तहरीर देकर बताया कि उसकी शादी चार वर्ष पूर्व समीप के गांव में हुई थी। आरोप लगाया कि शादी में उसके पिता ने अपने सामर्थ्य अनुसार दान दहेज दिया था, लेकिन उसका पति व ससुराल वाले दहेज को लेकर खुश नहीं थे। यह लोग दहेज की मांग को लेकर विवाहिता का उत्पीड़न कर रहे थे। आरोप लगाया कि दो लाख रुपये की मांग पूरी नहीं होने पर रविवार को विवाहिता के पति, सास- ससुर व जेठ ने विवाहिता के साथ मारपीट की और पति ने तीन बार तलाक कह दिया। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर आरोपी पति, सास-ससुर व जेठ के विरुद्ध संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया। आरोपी पति फरमान को गिरफ्तार कर उसका चालान कर कर दिया है।