दारानगर गंज मे युवक द्वारा आत्महत्या करने के बाद गम ज्यादा परिजन संवाद
- फोटो : चटख धूप होने से भिनगा में सड़क पर पसरा सन्नाटा।
- दो महीने से मायके में रह रही थी युवक की पत्नी
संवाद न्यूज एजेंसी
गंज दारानगर/बिजनौर। बार बार मनुहार के बाद भी पत्नी ससुराल आने को राजी नहीं हुई तो पति ने फंदे से लटक कर जान दे दी। युवक के इस आत्मघाती कदम से पूरा परिवार गमजदा है। पुलिस जांच में जुटी है।
दारानगर निवासी मोहम्मद इंतजार (26) पुत्र अब्दुल खालिक की ससुराल घर के पड़ोस में ही है। करीब दो महीना पहले इंतजार के ससुर की मौत हुई तब से उसकी पत्नी रेशमा मायके में ही रह रही थी। दोनों में किसी बात को लेकर अनबन होने पर रेशमा ससुराल आने को राजी नहीं हुई। रविवार को भी इंतजार पत्नी को लेने के लिए ससुराल में गया मगर रेशमा ने उसके साथ जाने से इनकार कर दिया।
इसी बात को लेकर इंतजार तनाव में आ गया। सोमवार की दोपहर 12 बजे अपने घर की पहली मंजिल पर कपड़े का फंदा लगाकर जान दे दी। इंतजार की बेटी चाय लेकर पहली मंजिल पर पहुंची तो पिता को लटका देख उसकी चीख निकल पड़ी। चीख पुकार सुनते ही परिवार के लोग दौड़े। घटनास्थल पर सैकड़ों ग्रामीण लोग इकट्ठा हो गए। मृतक अपने पीछे दो बेटियों और छह माह के एक बेटे को रोता बिलखता छोड़ गया है।
मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम व गंज पुलिस चौकी के इंचार्ज रोहतास सिंह ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया गया कि इंतजार कश्मीर में रहकर सैलून का काम करता था, वह अपने ससुर की मौत के वक्त ही घर आया था। तब से वापस कश्मीर नहीं गया। शहर कोतवाल राम प्रताप ने बताया कि पति पत्नी में मनमुटाव बना हुआ था, रविवार को इंतजार पत्नी को लेने के लिए भी गया मगर वह साथ नहीं आई। जिसके चलते उसने फंदे से लटक कर आत्महत्या कर ली।