सीसीटीवी कैमरों से होगी निगरानी, नमाज के दौरान रहेगा रूट डायवर्जन
संवाद न्यूज एजेंसी
नहटौर। ईद उल जुहा त्योहार को लेकर नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में तैयारियां तेज हो गई हैं। क्षेत्र की 14 ईदगाहों और करीब 21 मस्जिदों सहित लगभग 35 स्थानों पर ईद की नमाज अदा की जाएगी। वहीं आठ स्थानों पर सामूहिक कुर्बानी होगी। त्योहार को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
सोमवार को पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने नगर तथा देहात क्षेत्र के ईदगाहों और सामूहिक कुर्बानी स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने साफ-सफाई, पेयजल, बिजली और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए। साथ ही लोगों से भाईचारे और सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील की गई।
प्रभारी निरीक्षक रवीन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि पर्व के दौरान संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। प्रमुख ईदगाहों, मस्जिदों और सामूहिक कुर्बानी स्थलों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। सोशल मीडिया पर भी विशेष नजर रखी जाएगी। उन्होंने बताया कि ईद की नमाज के समय नगर के प्रमुख मार्गों पर रूट डायवर्जन लागू रहेगा, वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकाला जाएगा।
- यहां अदा की जाएगी ईद की नमाज
कस्बा स्थित बड़ा ईदगाह, बायपास रोड छोटा ईदगाह, गांव सिजौली, तरकौला, खजूरी, सदरुद्दीननगर, नसीबपुर, मच्छमार, फरीदाबाद, इब्राहिमपुर साघो उर्फ अलीनगर, काजीपुरा, नकीबपुर, चक अब्दुल रहमान और बेगराजपुर के ईदगाहों समेत विभिन्न मस्जिदों में ईद की नमाज अदा की जाएगी।
- यहां होगी सामूहिक कुर्बानी
गांव नसीबपुर, सिजौली, सदरुद्दीननगर, चक अब्दुल रहमान, बैरमाबाद गढ़ी, फरीदाबाद, मीमला मुस्तफाबाद और इब्राहीमपुर साधो में सामूहिक कुर्बानी की जाएगी। प्रशासन की ओर से जिम्मेदार लोगों से कुर्बानी के अवशेष खुले स्थानों न फेंक कर निर्धारित स्थानों पर ही निस्तारण करने के निर्देश दिए गए हैं।