धामपुर। दहेज में कार की मांग पूरी न होने पर दूल्हे ने शादी करने से इंकार कर दिया। शुक्रवार को बरात थाना क्षेत्र के गांव पुराना धामपुर पहुंचनी थी, जहां बरात के स्वागत की तैयारियां चल रही थी। लेकिन बरात के न आने से दुल्हन पक्ष की सभी तैयारियां धरी की धरी रह गई। दोपहर बाद दूल्हे के बड़े भाई और चाचा दो-तीन अन्य लोगों को लेकर दुल्हन पक्ष के घर पहुंचे और दहेज में कार की मांग रख दी। लोगों ने दूल्हे के भाई को पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि मौका पाकर दूल्हे का चाचा मौके से फरार हो गया।
पुराना धामपुर निवासी एक युवती का रिश्ता नगीना देहात थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक के साथ एक साल पहले हुआ था। शादी की तैयारियां चल रही थी। दोनों पक्षों ने रिश्तेदारियों में शादी के कार्ड भी बांट दिए थे। शुक्रवार दुपहर पुराना धामपुर में बरात आनी थी। बरात के स्वागत की तैयारियां चल रही थी। लेकिन दोपहर तक भी दूल्हा बरात लेकर नहीं पहुंचा। संपर्क करने पर दूल्हे ने कहा कि अगर शादी में कार देंगे तभी वह बरात लेकर आएगा। वरना शादी ही नहीं करेगा। यह सुनकर वधु पक्ष के लोगों में हड़कंप मच गया। दोपहर बाद दूल्हे का भाई और चाचा पुराना धामपुर पहुंचे और उन्होंने भी शादी में कार देने की डिमांड रख डाली। इसके बाद वधु पक्ष के आक्रोशित लोगों ने दूल्हे के भाई को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया जबकि दूल्हे का चाचा फरार हो गया। फिलहाल बिरादरी के लोगों द्वारा दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने का प्रयास किया जा रहा है।
उधर एसएसआई हिमांशु चौहान का कहना है कि इस मामले में दूल्हे के भाई असलम को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर पुलिस रिपोर्ट कायम कर दहेज लोभियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।