असिस्टेंट प्रोफेसर और विभाग के प्रभारी में नोकझोंक
धामपुर। आरएसएम डिग्री कालेज के वनस्पति विज्ञान के असिस्टेंट प्रोफेसर डा. रामकुमार सिंह ने अपने ही विभाग के प्रभारी डा. शौराज सिंह पर अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। उधर, विभाग के प्रभारी डा. शौराज सिंह ने लगे आरोपों को गलत बताया है। एसएसआई हिमांशु चौहान का कहना है कि इस मामले में पुलिस को दोनों पक्षों की ओर से तहरीर मिली है। पुलिस ने मामले की जांच कर कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं शौराज सिंह ने अपने ऊपर लगे आरोप को गलत बताया।
प्रो. डा.रामकुमार सिंह ने दी तहरीर में बताया कि मामला 18 नवंबर का है। जब वह 18 नवंबर को कालेज में बीएसएसी कृषि प्रथम सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं को क्लासरूम में पढ़ा रहे थे तो इसी दौरान उनके विभाग के प्रभारी डा. शौराज सिंह अचानक क्लासरूम में पहुंचे और उन्हें तुरंत क्लासरूम से बाहर चले जाने को कहा। उनके द्वारा विरोध करने पर गालीगलौज की और अभद्रता की। वह मानसिक रूप से परेशान हैं। छात्रों के सामने उनकी प्रतिष्ठा को धूमिल किया गया है। वह आहत हैं। बताया गया कि उनके विभाग के प्रभारी डा. शौराज सिंह सिंह 15 नवंबर से कालेज के प्राचार्य डा. रंजन अग्रवाल को हटाने की मांग को लेकर अन्य शिक्षकों के साथ अनिश्चितकालीन धरने पर है। वह चाहते हैं कि इस दौरान बच्चों की पढ़ाई न हो। उनके द्वारा प्रबंधन को भी अवगत करा दिया गया है। प्रबंधक रामनारायण सिंह का कहना है कि ऐसा मामला उनके संज्ञान में नहीं है। वे मामले की जांच कर आरोपियों पर कार्रवाई करेंगे। उधर, एसएसआई हिमांशु चौहान का कहना है कि इस मामले में डा. रामकुमार सिंह और प्रभारी डा. शौराज सिंह की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ पुलिस में प्रार्थना दिया गया है। पुलिस की ओर से मामले की जांच करने के बाद आरोपियों पर कार्रवाई होगी। उधर, डा. शौराज सिंह ने लगे आरोपों को गलत बताया है।