बिजनौर(ब्यूरो)। पेद्दा कांड में अधिवक्ता प्रफुल चौधरी व उनके पिता दिलावर सिंह को नामजद किए जाने तथा युवा बार संस्थापक ऐश्वर्य चौधरी मौसम का नाम खोले जाने के विरोध में वकीलों की हड़ताल छठे दिन भी जारी रही।
वकीलों की हड़ताल को पश्चिमी उत्तर प्रदेश संघर्ष समिति का समर्थन भी मिल गया है। बिजनौर के वकीलों के समर्थन में 26 सितंबर को वेस्ट यूपी के 22 जिलों के वकील न्यायिक कार्य से विरत रहेंगे। जिला बार अध्यक्ष राजीव चौहान की अध्यक्षता व सचिव अजीत पंवार के संचालन में हुई बैठक में वक्ताओं ने कहा कि पेद्दा कांड में निर्दोष अधिवक्ताओं को फंसाया जा रहा है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है। वक्ताओं ने कहा कि प्रशासन द्वारा इस मामले में वादाखिलाफी की गई है। दोनों अधिवक्ताओं को राजनीतिक षड्यंत्र के तहत फंसाया गया है। वहीं चांदपुर में पीपुल फॉर एनिमल्स के सदस्य ने संस्था की चेयरपर्सन मेनका गांधी को पेद्दा प्रकरण की जानकारी देते हुए गांव में भूखे खड़े पशुओं को सुरक्षा दिलाए जाने की मांग की है। सदस्य वीरेंद्र राजपूत ने कहा है कि गांव में हुए बवाल के बाद पुलिस हिंदू समाज के लोगों को थाने ले आई थी।