नजीबाबाद में अलग-अलग हादसों में दो लोगों की मृत्यु हो गई। केन क्रेशर के पट्टे में फंसकर एक मजदूर की जान चली गई, जबकि मार्ग दुर्घटना में किरतपुर निवासी एक व्यक्ति की मौत हो गई।
साहनपुर क्षेत्र में स्थित एक केन क्रेशर पर काम करते समय मजदूर पट्टे की चपेट में आ गया। गंभीर चोटें आने पर हरदाई निवासी 30 वर्षीय रामनरेश को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र समीपुर में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान रामनरेश ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने रामनरेश का शव पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर भेज दिया।
उधर, नजीबाबाद-किरतपुर मार्ग पर अज्ञात वाहन ने एक व्यक्ति को टक्कर मार दी। मोहल्ला झंडा किरतपुर निवासी कमालुद्दीन घर जा रहा था। मंगलवार रात अचानक गांव प्रतापपुर के निकट अज्ञान वाहन ने उसे टक्कर मार दी।
घायल कमालुद्दीन को 108 अंबुलेंस ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र समीपुर पहुंचाया। चिकित्सकों ने उसे अस्पताल में मृत घोषित कर दिया। परिजन बिना किसी पुलिस कार्रवाई के शव किरतपुर ले गए।
वहीं नींदडू़ में कार और ट्रेक्टर की टक्कर में कार चालक की मौत हो गई। छह अन्य गंभीर जख्मी हुए हैं। एक बच्चे को गंभीर अवस्था में मुरादाबाद ले जाया गया है। अखलाक अहमद के बड़े पुत्र इरफान अहमद (46) की धामपुर में केएम इंटर कॉलेज के सामने टायर पंक्चर की दुकान है। वह पिछले कई वर्षों से सपरिवार धामपुर में मकान बनाकर रह रहा था। बुधवार को वह परिवार के साथ शादी में सम्मिलित होने कार द्वारा नींदडू़ आया था। उसके साथ इदरीस अहमद के बच्चे भी थे। वापसी में रात के करीब पौने आठ बजे जब इरफान अहमद की कार धामपुर मार्ग स्थित कोल्ड स्टोर के पास पहुंची, तब वहां खड़ी बिना ट्रेक्टर की गन्ना लदी ट्राली में पीछे से घुस गई। इस हादसे में कार चालक इरफान अहमद (46) की मौत हो गई। उसकी पत्नी तबस्सुम जहां (41), इदरीस की पत्नी रेशमा परवीन (40), इरफान का पुत्र अलमास (13) व अर्श तथा इदरीस के पुत्र अलतमश (10) तथा शादान (08) घायल हो गए। घायलों को तुरंत नगर के निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया। यहां अलमास को मुरादाबाद रेफर किया गया है।