बिजनौर में डीएम वीके आनंद ने कहा है कि सड़क निर्माण में गड़बड़ी मिलने पर ठेकेदार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज होगी। उन्होंने धामपुर, हल्दौर, नहटौर तथा झालू क्षेत्र की कई सड़कों के निरीक्षण के दौरान पीडब्लूडी के अधिकारियों को गुणवत्ता व निर्धारित मानकों पर निगाह रखने की कड़ी हिदायत दी।
डीएम ने झालू व नहटौर में पाया कि सड़कों के दोनों किनारों पर इंटर लॉकिंग कार्य मानक के अनुसार नहीं था। टायलों को सड़क से सही प्रकार नहीं जोड़ा गया। इस पर नाराजगी जताते हुए जेई को चेतावनी दी। ठेकेदार को एक माह के अंदर अपूर्ण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। ऐसा नहीं करने पर ठेकेदार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराकर रिकवरी कराने के आदेश दिए। डीएम ने मौजूद लोनिवि अधिकारियों को हिदायत दी कि वह समय पर सड़कों तथा अन्य निर्माण कार्यों की जांच करें। कमी मिलने पर पुलिस में प्राथमिक कराकर ठेकेदार को जेल भेजें।
ग्राम नांगलजट में सड़क किनारे की नालियों पर चबूतरे बनाने पर डीएम ने नाराजगी जताई। डीएम ने सड़क खुदवाकर आरईएस के अधिशासी अभियंता से निर्माण सामग्री के अनुपात की जांच कराई। इसके बाद डीएम धामपुर-नगीना मार्ग पर स्थित हकीमपुर मेघा गांव पहुंचे। वहां 1.74 करोड़ से बनी तीन किमी लंबी सड़क का निरीक्षण किया।
सड़क खुदवा कर मानकता की जांच कराई। इस दौरान अधिशासी अभियन्ता लोनिवि योगेश कुमार पंवार,व एक्सीएन आरईएस गोयल मौजूद रहे।