- रेलवे कॉलोनी के क्वार्टरों में भरा पानी, जरूरी सामान खराब
संवाद न्यूज एजेंसी
नजीबाबाद। नगर और आसपास के क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह हुई बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया। रेलवे कॉलोनी, मुगलूशाह, मकबरा क्षेत्र में सड़क पर दो से तीन फीट तक पानी भर गया। जलभराव क्षेत्र में विद्यार्थी स्कूल नहीं जा सके।
रेलवे माल गोदाम क्षेत्र की रेलवे कॉलोनी में निकासी अवरुद्ध होने से जीआरपी चौकी तक कॉलोनी में जलभराव की स्थिति रही। आरपीएफ दरोगा सुरेंद्र सिंह, धन सिंह नेगी सहित अनेक रेल कर्मियों के क्वार्टर में जलभराव का पानी आर पार हो गया। घर में रखा सामान और अनाज भी डूब गया। जीआरपी चौकी के निकट स्टेशन के प्रवेश द्वार और स्टेशन के निकासी द्वार पर जलभराव होने से रेल कर्मियों और यात्रियों को आवागमन में परेशानी झेलनी पड़ी।
बारिश और हवा से धराशाही हुई धान की फसल
मंडावली क्षेत्र में बारिश से धान की लहलहाती फसल गिर गई। किसान लाल बहादुर, कविंद्र सिंह, सत्येंद्र सिंह, सुरेश कुमार ने बताया कि खेतों में धान की फसल लगभग तैयार हो गई है। बारिश से धान की फसल को काफी नुकसान पहुंचा।