- रात आठ बजे तक गन्ना समितियों में लगा रहा किसान नेताओं का जमावड़ा
- जिले की नौ समितियों में 5047 ने जमा किए थे नामांकन पत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। गन्ना समितियों की प्रबंध समिति में डेलीगेट/प्रतिनिधि पद पर चुनाव के लिए जमा किए गए नामांकन पत्रों की शुक्रवार को जांच की गई। जिन नामांकन पत्रों में खामियां मिली, उन्हें निरस्त कर दिया गया। उधर, वैध नामांकन पत्रों की चस्पा सूची देखने के लिए देर शाम तक समितियों पर किसान नेताओं का तांता लगा रहा।
तीन अक्तूबर को डेलीगेट पद के लिए चुनाव होना है। इसी क्रम में शुक्रवार को नामांकन पत्रों की जांच की गई। बता दें कि बिजनौर गन्ना समिति में 516 डेलीगेट चुने जाने हैं। जिन पर 746 लोगों ने नामांकन पत्र जमा किए थे। हालांकि 835 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई थी, मगर 89 संभावित उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र ही जमा नहीं किए थे। जिन्हें उनके विपक्षियों ने पत्र जमा करने से पहले ही मना लिया और चुनाव नहीं लड़ने के लिए राजी कर लिया था।
अब शुक्रवार को नामांकन पत्रों की जांच के बाद शर्त पूरी नहीं करने पर तमाम नामांकन पत्र निरस्त कर दिए गए। हल्दौर गन्ना समिति में तीन नामांकन पत्र निरस्त हुए हैं। नूरपुर में 47 और नजीबाबाद गन्ना समिति में छह नामांकन पत्र निरस्त कर दिए गए। इसके बाद वैद्य नामांकन पत्रों की सूची चस्पा की गई। जिसे देखने के लिए देर शाम तक किसान नेताओं का समिति कार्यालय पर जमावड़ा लगा रहा।