किरतपुर में जैन मंदिर चौराहे पर हुआ जलभराव। संवाद (पड़ताल के साथ)
किरतपुर। हर साल बरसात के मौसम में जैन मंदिर चौराहा सराफा बाजार के आसपास रहने वाले परिवार के लोग घरों में कैद हो जाते हैं और दुकानदार भी बाहर नहीं निकल पाते। इलाके में नालियों का निर्माण नहीं होने से सड़क पर तीन फीट पानी भर जाता है। सड़क पर जलभराव हो जाने से बच्चे स्कूल नहीं जा पाते और नौकरीपेशा लोगों को अपने काम से छुट्टी लेनी पड़ती है।
इस बार बारिश खूब हो रही है और जैन मंदिर चौराहा सराफा मार्केट में नालों का निर्माण नहीं हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दो महीने पहले जैन मंदिर चौराहा पर सड़क बनी है, उसमें भी पानी निकासी की व्यवस्था का कोई ध्यान नहीं रखा गया है। स्थानीय निवासियों एवं व्यापारियों ने बताया कि लगभग तीस साल से वह इस समस्या से लड़ रहे हैं। यह समस्या सिर्फ जलभराव तक सीमित नहीं है बल्कि नालियां को सफाई न होने से घरों का गंदा पानी खाली प्लॉटों में जमा रहता है, जिससे बदबू और मच्छरों का प्रकोप बढ़ जाता है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क पर पानी भरने की समस्या को लेकर कोई जनप्रतिनिधि गंभीर नहीं है। इस मार्ग पर दो सरकारी स्कूल और सरकारी अस्पताल, बैंक और थाना पड़ता है। एडवोकेट अमित अग्रवाल का कहना है कि हर बारिश में घर से निकलना मुश्किल हो जाता है। बच्चों की पढ़ाई और कारोबार प्रभावित हो रहा है। कोई सुनवाई नहीं है।
कपड़ा व्यापारी ललित मेहरा का कहना है कि मंदिर वाले चौराहा पर पानी इतना भर जाता है कि दोपहिया वाहन तक नहीं निकल पाते। पूरा व्यापार चौपट हो रहा है।
व्यापारी नेता दीपक अरोड़ा का कहना है कि पालिका प्रशासन ने अब तक कोई तैयारी नहीं की। इसी वजह से जैन चौराहा सराफा मार्केट में जलभराव रहता है।
वार्ड सभासद कन्हैया राणा कहना है कि जल्द अधिकारियों से मिलकर जलभराव की समस्या का समाधान करवाया जाएगा।
इस संबंध में नगर पालिका की अधिशासी अधिकारी मेघा गुप्ता का कहना है कि चौराहे पर जलभराव की समस्या का जल्द समाधान कराया जाएगा।