चैंबर निर्माण में जलस्रोत बना बाधक, राहगीर परेशान
नजीबाबाद। नगर पालिका परिषद द्वारा जल निकासी के लिए कराया जा रहा चेंबर निर्माण कई दिन से जारी होने से क्षेत्रवासी परेशान हैं। चैंबर निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढे में जलस्रोत के कारण लोहे का कंटेनर डालना पड़ा है।
नगर पालिका परिषद नजीबाबाद ने लगभग चार वर्ष मोहल्ला मुगलूशाह, मकबरा में जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए करीब एक करोड़ रुपये की लागत से ह्यूम पाइप डालने की योजना शुरू की थी। ह्यूम पाइप डालने में तकनीकी खामियों के चलते योजना विफल हो गई। नगर पालिका परिषद ने लगभग 350 मीटर क्षेत्र में डाले गए ह्यूम पाइप के माध्यम से जलभराव को कम करने के लिए राजो के चौराहे के निकट चैंबर बनाने का काम शुरू किया। काम शुरू होते ही वाटर पाइप लाइन और जल स्रोत से निकलने वाला पानी निर्माण कार्य में बाधक बना। ठेकेदार ने जल स्रोत बंद न होने की स्थिति में लोहे का कंटेनर डालकर चैंबर निर्माण शुरू कराया है। यह समय ही बताएगा कि लगभग पांच लाख रुपये की लागत से होने वाला चैंबर निर्माण क्षेत्रवासियों को कितनी राहत पहुंचाता है।
धन की बर्बादी है चैंबर निर्माण
मो. मुगलूशाह निवासी लोहा कारोबारी इरशाद अहमद का कहना है कि जल निकासी के लिए बनाया जा रहा चैंबर धन की बर्बादी है। निकासी के लिए जो पाइप डाला गया है वह काफी कम व्यास का है। फिलहाल चैंबर निर्माण राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बना है।
जलभराव से राहत मिलना मुश्किल
ठेकेदार मो. साजिद कहते हैं कि जल भराव की समस्या से क्षेत्रवासी कई वर्षों से पीड़ित हैं। चैंबर निर्माण से जल भराव से राहत मिलना मुश्किल लगता है।