हल्दौर के गांव वाजिदपुर में आधा दर्जन लोगों के घरों में तालाब का पानी घुस गया। कई परिवार पानी से बचाव के लिए अपने पड़ोसियों के घरों पर शरण लिए हुए हैं। ग्रामीणों ने तालाब की बाउंड्री वॉल बड़ी करवाए जाने और पानी की निकासी कराए जाने की मांग को लेकर डीएम से मिलने का निर्णय ल िया है। गांव वाजिदपुर में हुई तेज बारिश से रविवार को तालाब का पानी ओवर होने से अर्जुन सिंह, बुद्ध सिंह, गजेंद्र सिंह, सविता देवी के रैन बसेरों में करीब तीन- तीन फुट पानी घुस गया। जबकि गांव के ही धर्मवीर सिंह,, गजेंद्र सिंह, अर्जुन सिंह के मकानों की भर-भरा कर दीवार गिरकर पानी में डूब गई। कपिल कुमार, तेजपाल सिंह, संजीव कुमार, गौरव कुमार, घनश्याम सिंह आदि के घरों के निकट मुख्य मार्गों पर जलभराव होने से भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कमला देवी पत्नी स्वर्गीय नरदेव सिंह के रैन बसेरे में पानी घुसने से घरेलू राशन आदि सामग्री भी खराब हो गई और उसे अपने बच्चों समेत पड़ोसियों के घरों में शरण लेनी पड़ रही है। अमृत सरोवर के परिसर में बनी शहीद रामकुमार हवलदार की समाधि में भी पानी भर गया है। शहीद राम कुमार के परिवार के सदस्यों ने बताया कि परिवार के सदस्यों द्वारा प्रतिदिन समाधि पर दीपक जलाने की समस्या एवं बच्चों के स्कूल जाने की समस्या बनी हुई है।
पशुशाला की छत गिरने से महिला घायल
कोतवाली देहात क्षेत्र में शनिवार की रात्रि में हवा के साथ तेज बारिश हुई, जो कि रविवार दोपहर तक होती रही। बारिश में ही गांव सुनपता निवासी चेतराम की पत्नी कुंता देवी भैंस का दूध निकालने के लिए पशुशाला में चली गई। भैंस का दूध निकालते समय पशुशाला के कड़ी और मलबा गिर गया। जिसके नीचे दबकर भैंस और कुंता देवी घायल हो गई। पशुशाला की छत एकाएक गिरने की आवाज सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। परिजनों ने घायल कुंता देवी और पशु को मलबे से निकाला। परिजनों ने घायल महिला को बिजनौर में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।
यह भी पढ़ें: Accident: दिल्ली-दून हाईवे पर रोडवेज बस से टकराते ही उड़े वैगनआर के परखच्चे, चार की मौत
मकान की छत गिरी, परिवार को दूसरी जगह किया शिफ्ट
बारिश के कारण नहटौर के ग्राम रायपुर लकड़ा में ग्रामीण आजाद के कच्चे मकान की छत ध्वस्त हो गई। बताया गया कि उसके मकान की छत की एक बल्ली टूटने बारिश का पानी मकान में घुस गया। बाकी छत भारी होने से झुक गई। आजाद के परिवार के सदस्यों को मकान से निकाल कर अन्यत्र शिफ्ट कर दिया गया है। जिससे कोई जन हानि न हो सकें।
एसडीएम मनोज कुमार सिंह ने बताया कि उनके स्तर से राजस्व विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। एसडीएम ने बताया कि नहटौर के गांव रायपुर लकड़ा हलके लेेखपाल ने सूचना दी कि इस गांव में आजाद के मकान की छत बारिश के कारण झुक गई है। छत की एक बल्ली के टूटने से बारिश का पानी मकान में जमा होने से उसका सारा सामान नष्ट हो गया है। लेखपाल ने गांव के प्रधान से संपर्क कर आजाद सिंह और उसके परिवार के सदस्यों को गांव के अन्य व्यक्ति के घर में शिफ्ट कर दिया है।