नगरपालिका में आवारा गोवंश को भरने की चेतावनी
धामपुर। दो माह पहले जमीन हैंडओवर होने के बाद भी पालिका के अधिकारियों ने अभी तक रसूलपुर इम्मा गांव में गोशाला का निर्माण शुरू नहीं कराया है। भाकियू कार्यकर्ताओं का कहना है कि खेतों में घूम रहा गोवंश फसलों को उजाड़ रहा है। कई बार पालिका के ईओ से मांग कर चुके हैं, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही गोशाला का निर्माण नहीं हुआ तो निराश्रित गोवंश को पकड़कर नगरपालिका में ले जाकर बंद करेंगे।
भाकियू तहसील अध्यक्ष राजेंद्र सिंह, कविराज सिंह, इंद्रवीर सिंह, रामकुमार सिंह, महेंद्र सिंह, सोनू कुमार, ललित कुमार ने कहा कि भाकियू की प्रशासन के साथ संपन्न पंचायतों में गोवंश को गोशालाओं में बंद कराने की मांग प्रमुख रूप से होती है। धामपुर पालिका में गोशाला नहीं है। पिछले दिनों तत्कालीन एसडीएम विजय वर्धन तोमर ने रसूलपुर इम्मा में चरागाह की तीस बीघा जमीन में पालिका को गोशाला बनाने का प्रस्ताव दिया था। जमीन को पालिका की सुपुर्दगी में भी दो माह पहले दिया जा चुका है, लेकिन गोशाला नहीं बनी। कार्यकर्ताओं ने कहा कि अबकी बार किसानों की पंचायत तहसील के स्थान पर पालिका में होगी। वहीं, पालिका के ईओ सुभाष कुमार का कहना है कि पालिका के पास गोशाला का निर्माण कराने के लिए धन का अभाव है। गोशाला निर्माण में करीब 35 लाख का खर्चा आएगा। जैसे ही धन की व्यवस्था होती है गोशाला का निर्माण करा दिया जाएगा।