बिजनौर। वकीलों की प्रतिनिधि संस्था उत्तर प्रदेश बार काउंसिल के सदस्यों के चुनाव के लिए बिजनौर में 16, 17 जनवरी को मतदान होगा। मतदान न्यायिक अधिकारी संपन्न कराएंगे। मतदान के लिए जनपद में चार केंद्र बनाए गए हैं। मतदान में वे अधिवक्ता भाग ले सकेंगे, जिन्हें बार काउंसिल द्वारा सीओपी प्रमाण पत्र जारी किया गया है।
बिजनौर जजी में बिजनौर एवं धामपुर तहसील के अधिवक्ता मतदान करेंगे। चुनाव संपन्न कराने के लिए प्रथम अपर जिला जज राम अवतार यादव को नामित किया गया है। बिजनौर जिला जजी परिसर स्थित सेंट्रल हाल में 16, 17 जनवरी को सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक मतदान होगा। इसके अलावा नगीना तहसील के अधिवक्ता नगीना मुंसिफी में बनाए गए मतदान केंद्र में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। यहां अपर जिला जज अनुपम सिंह द्वारा चुनाव संपन्न कराया जाएगा। चांदपुर में चुनाव सिविल जज जूनियर डिवीजन बुशरा खुर्शीद व नजीबाबाद मुंसिफी में सिविल जज जूनियर डिवीजन एकलव्य सरोज द्वारा चुनाव संपन्न कराया जाएगा अपर जिला जज प्रथम राम अवतार यादव ने बताया कि मतदाता सूची में शामिल अधिवक्ताओं को मतदान के समय सीओपी प्रमाण पत्र, परिचय पत्र या पंजीकरण प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।