ग्रामीणों ने थाने पर दिया धरना
नगीना। एक धार्मिक स्थल की चाहरदीवारी के निर्माण कार्य को लेकर दूसरे पक्ष के एक परिवार द्वारा विरोध करने तथा मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा मंदिर के पुजारी को हिरासत में लेकर थाने ले आने से ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। सैकड़ों महिला व पुरुष थाने पहुंच कर धरने पर बैठ गए।
नगीना-बढ़ापुर मार्ग स्थित ग्राम नंदपुर कला में श्री सिद्ध पीठ नंदलाल देवता मंदिर के पुजारी व कुछ ग्रामीण मंदिर की बाउंड्री के लिए नींव खुदवा रहे थे। तभी दूसरे पक्ष के एक परिवार के लोगों ने विरोध शुरू कर पुलिस को बताया कि पुजारी व अन्य लोग उसके रास्ते को बंद कर रहे हैं। मौके पर पहुंची पुलिस मंदिर के पुजारी व दूसरे पक्ष के एक व्यक्ति को थाने ले आई। पुजारी को थाना लाने पर ग्रामीण भड़क गए। सैकड़ों की संख्या में महिला तथा पुरुष थाने पहुंचकर धरने पर बैठ गए। सूचना मिलते ही भाजपा जिला उपाध्यक्ष, अरविंद गहलोत, प्रमोद चौहान, कुंवर कृष्ण बलदेव सिंह, जिला मंत्री अनूप बाल्मीकि, पूर्व जिला उपाध्यक्ष अजीत अग्रवाल, भाजपा नगर अध्यक्ष नीरज विश्नोई आदि भाजपाई मौके पहुंच गए। सूचना पर एसडीएम घनश्याम वर्मा, सीओ राकेश श्रीवास्तव ने दोनों पक्षों को बैठाकर मामला शांत कराया। एसडीएम घनश्याम वर्मा ने बताया विरोध करने वाले पक्ष के परिवार से भूमि संबंधी कागजात मंगाए गए हैं। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।