कादराबाद के ग्रामीणों का एसडीएम कार्यालय पर प्रदर्शन
धामपुर। गांव कादराबाद खुर्द के ग्रामीणों ने पुलिस विभाग के अधिकारियों के खिलाफ एसडीएम कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। आरोप है कि पुलिस उनके गांव में पुलिस चौकी का निर्माण करने के प्रयास में है। एसडीएम से चौकी के निर्माण के प्रस्ताव को निरस्त करने की मांग की है।
गांव कादराबाद खुर्द के ग्रामीण बृहस्पतिवार को ट्रैक्टर-ट्राली भरकर एसडीएम कार्यालय पहुंचे। यहां पर ग्रामीणों ने पुलिस विभाग के अधिकारियों के खिलाफ प्रदर्शन किया। आरोप है कि 19 मई 2022 को थानाध्यक्ष व लेखपाल, कानूनगो गांव में पुलिस बल के साथ आए। आरोप है कि पुलिस कर्मियों ने दबाव देकर पुलिस चौकी निर्माण के लिए 100 गज की जमीन का प्रस्ताव करा लिया। जिससे पंचायत के सदस्य व ग्रामवासी नाराज हैं। लोगों ने एसडीएम से गांव में निर्मित होने जा रही पुलिस चौकी निर्माण के प्रस्ताव को निरस्त कराकर रोक लगाने की मांग की है।
प्रदर्शनकारियों में कैलाश सिंह, राहुल, पूनम, सरोज देवी, मिथलेश, संतोष देवी, विजयावती, पूजा देवी, प्रेमवती, इमरेश, फिरोजा, निर्मला देवी, हजारा, कृष्णा, मोहम्मद ताजीम, राजेश सिंह रहे। एसओ का कहना है कि ग्रामवासियों की रजामंदी से पुलिस चौकी का निर्माण कराया जा रहा है।